हरियाणा में 2 दिन बारिश का ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं और ओलों की चेतावनी
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण 2 दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी, तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना, तापमान में गिरावट के आसार।
■ 2 दिन तक ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में तेज बारिश और ओलों की संभावना
■ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, नुकसान का खतरा बढ़ा
■ तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट, दिन में भी महसूस होगी ठंडक
हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब हो गया है। मौसम विभाग ने 19 और 20 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
खासतौर पर अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत जैसे जिलों में इसका ज्यादा असर देखने को मिलेगा। यहां 40 से 50 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
बुधवार शाम को रेवाड़ी में तेज बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे सड़कों पर जलभराव हो गया और कई जगह लगे होर्डिंग तक उखड़ गए। इसके अलावा गुरुग्राम, भिवानी, हिसार, सिरसा, नारनौल और महेंद्रगढ़ में भी बारिश दर्ज की गई।नारनौल में तो हालात ज्यादा खराब रहे, जहां बिजली गिरने से 28 बकरियों की मौत हो गई। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। वहीं गुरुग्राम में जलभराव के चलते ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। 18 मार्च को राज्य का अधिकतम तापमान महेंद्रगढ़ में 32.7°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि अन्य जिलों में यह 30-31°C के बीच रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे दिन में भी हल्की ठंडक महसूस होगी।वहीं दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई है। सोनीपत में 12.9°C सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, जबकि अन्य जिलों में यह 13 से 17°C के बीच रहा। बादलों की वजह से रातें पहले के मुकाबले थोड़ी गर्म बनी रहेंगी।20 मार्च को भी मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद नहीं है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है और बादल छाए रहेंगे। लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
shubham 