हरियाणा में मानसून की एंट्री! आज इन 4 जिलों में मौसम रहेगा खराब
हरियाणा के चार जिलों में आज बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
➤ आज 4 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट
➤ रोहतक रहा सबसे गर्म, 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ तापमान
➤ 30 जून तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
हरियाणा में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। भारत मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के चार जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील भी की है।
मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में आज बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग का कहना है कि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा और अगले कुछ दिनों तक कहीं-कहीं बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
पूर्वानुमान के मुताबिक 26 जून से 30 जून तक हरियाणा के अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही 26-27 जून और 29 जून से 1 जुलाई के बीच कई स्थानों पर आंधी, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर भी जारी रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। किसानों को भी मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने और मौसम के अनुसार कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।
बीते गुरुवार को राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 42.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो अंबाला में 40.0 डिग्री, हिसार में 40.8 डिग्री, करनाल में 38.7 डिग्री और नारनौल में 35.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। जून के अंतिम सप्ताह में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि बारिश की गतिविधियों के कारण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
Akhil Mahajan