सात जिलों के लिए बारिश और आंधी का आरेंज अलर्ट, 1 मई तक ग्रीन जोन में आएगा प्रदेश

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी हुआ है। 1 मई तक मौसम साफ होकर प्रदेश ग्रीन जोन में आ जाएगा।

सात जिलों के लिए बारिश और आंधी का आरेंज अलर्ट,  1 मई तक ग्रीन जोन में आएगा प्रदेश

➤ हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ से मौसम बदला, कई जिलों में बारिश शुरू
➤ 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी के आसार
➤ 1 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ, ग्रीन जोन में आएगा हरियाणा


हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। हिसार समेत प्रदेश के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी शुरू हो गई है।

यमुनानगर और पंचकूला में सुबह हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि कुरुक्षेत्र, करनाल और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।

मौसम केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा में इसका ज्यादा प्रभाव रहेगा। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है।

वहीं अंबाला, करनाल, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि 29 अप्रैल को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। हालांकि 30 अप्रैल से मौसम धीरे-धीरे साफ होना शुरू होगा और 1 मई तक पूरा हरियाणा ग्रीन जोन में आ जाएगा। इससे लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है।

तापमान की बात करें तो फिलहाल गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। फरीदाबाद प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रोहतक में 44.2 डिग्री और हिसार में 43.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

हालांकि अगले 24 से 48 घंटों में बारिश और तेज हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को तपती गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

रात के तापमान में भी बदलाव देखा जा रहा है। यमुनानगर में न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि भिवानी में यह 30.5 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से अधिक है। आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के साथ रात के तापमान में भी हल्की गिरावट की संभावना है।