हरियाणा में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

हरियाणा के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं से मौसम बदला। मौसम विभाग ने 14 मई तक गरज-चमक, आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

हरियाणा के कई जिलों में बदला मौसम, बारिश से गर्मी से राहत

सिरसा-हिसार समेत कई जिलों में बूंदाबांदी, तापमान में गिरावट

11 से 14 मई तक तेज हवाओं और गरज-चमक का अलर्ट

हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बूंदाबांदी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सिरसा, हिसार और भिवानी में सुबह से हल्की बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

सिरसा में सुबह से बारिश हो रही है। - Dainik Bhaskar

हिसार के आर्यनगर इलाके में बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। मौसम बदलने के साथ कई इलाकों में तेज हवाएं भी चल रही हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। विभाग ने 11 मई से 14 मई तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और भिवानी जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और भिवानी में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग ने किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है।

भिवानी में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

रविवार को हरियाणा का सबसे अधिक तापमान फरीदाबाद के बोपानी में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं भिवानी में 42 डिग्री और सिरसा में 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। ऐसे में मौसम बदलने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।