हरियाणा में बढ़ेगी गर्मी, अगले 4 दिन 6°C तक चढ़ेगा पारा

हरियाणा में अगले चार दिनों तक तापमान 5 से 6 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है। 11 मई से तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

हरियाणा में बढ़ेगी गर्मी, अगले 4 दिन 6°C तक चढ़ेगा पारा

हरियाणा में अगले 4 दिन 6°C तक बढ़ सकता है तापमान

सिरसा रहा सबसे गर्म, 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज

11 मई से तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने के आसार

हरियाणा में मौसम एक बार फिर तेजी से गर्म होने लगा है। शुक्रवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में गुरुवार की तुलना में 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि इसके बावजूद तापमान अभी भी सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है।

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में गुरुवार शाम के समय खुले मौसम का दृश्य। - Dainik Bhaskar

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 39.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने वाली है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब-राजस्थान क्षेत्र में बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अभी सक्रिय है। वहीं पाकिस्तान से लेकर उत्तर-पश्चिम बांग्लादेश तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है, जिसका असर हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों पर पड़ रहा है।

इसके अलावा 10 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसका असर हरियाणा के मौसम पर भी दिखाई देगा।

मौसम विभाग ने 11 से 14 मई के बीच प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गरज-चमक, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

हालांकि शनिवार के लिए किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जिसके कारण तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।