महिला आयोग अध्यक्ष रेनू भाटिया की चेतावनी, बादशाह समन पर नहीं आए तो LOC कुरुक्षेत्र में बुलेट चलाकर मैराथन की अगुआई, बादशाह के गाने पर भड़कीं भाटिया ‘टटीरी’ गाने पर विवाद

हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कुरुक्षेत्र में विश्व महिला दिवस पर साइकिल मैराथन की अगुआई की और रैपर बादशाह के गाने ‘टटीरी’ पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्हें 13 मार्च को आयोग में पेश होने का समन जारी किया।

महिला आयोग अध्यक्ष रेनू भाटिया की चेतावनी, बादशाह समन पर नहीं आए तो LOC  कुरुक्षेत्र में बुलेट चलाकर मैराथन की अगुआई, बादशाह के गाने पर भड़कीं भाटिया  ‘टटीरी’ गाने पर विवाद

महिला आयोग अध्यक्ष रेनू भाटिया ने बुलेट चलाकर साइकिल मैराथन की अगुआई की
रैपर बादशाह के गाने ‘टटीरी’ पर जताई कड़ी आपत्ति
समन पर पेश नहीं हुए तो जारी होगा लुक आउट सर्कुलर


हरियाणा में विश्व महिला दिवस के मौके पर कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने सख्त तेवर दिखाए। उन्होंने एक ओर द्रोणाचार्य स्टेडियम से निकली साइकिल मैराथन की अगुआई बुलेट मोटरसाइकिल चलाकर की, वहीं दूसरी ओर मशहूर रैपर Badshah के नए हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। भाटिया ने साफ कहा कि अगर रैपर आयोग के समन पर पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराया जा सकता है।

कुरुक्षेत्र के द्रोणाचार्य स्टेडियम में महिला दिवस के अवसर पर साइकिल मैराथन का आयोजन किया गया था। इस दौरान अध्यक्ष रेनू भाटिया ने खुद बुलेट चलाकर महिलाओं और बेटियों की मैराथन की अगुआई की। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी ज्ञानानंद ने हरी झंडी दिखाकर की। मैराथन द्रोणाचार्य स्टेडियम से शुरू होकर 100 फुटा रोड और जिंदल चौक से होते हुए वापस स्टेडियम में आकर संपन्न हुई।

मीडिया से बातचीत में रेनू भाटिया ने रैपर बादशाह के गाने ‘टटीरी’ को लेकर कहा कि इसमें महिलाओं और बेटियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जो बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों के सम्मान से जुड़ा मामला है और ऐसी भाषा को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

उन्होंने बताया कि इस मामले में रैपर बादशाह को 13 मार्च को महिला आयोग के सामने पेश होने के लिए समन जारी किया गया है। अगर वह तय तारीख पर आयोग के सामने पेश नहीं होते हैं तो हरियाणा में उनके कार्यक्रम नहीं होने दिए जाएंगे और उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।

रेनू भाटिया ने कहा कि कलाकारों को अपनी लोकप्रियता का इस्तेमाल समाज को सकारात्मक संदेश देने के लिए करना चाहिए। उन्होंने कहा, “अच्छा बोलिए, बेटियों की तारीफ करिए और युवाओं के लिए आइकॉन बनिए। परमात्मा ने आपको अच्छा गला और संगीत का मंच दिया है, तो फिर ऐसी घटिया बातें क्यों?”

बादशाह द्वारा वीडियो जारी कर माफी मांगने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सिर्फ वीडियो जारी कर देने से बात खत्म नहीं होती। उन्होंने कहा कि अगर गाने की लाइन के कोई और मायने हैं तो वह आयोग के सामने आकर स्पष्ट करें। भाटिया ने सख्त लहजे में कहा, “बादशाह होगा अपने घर का, लेकिन बेटियों की अस्मत पर उंगली उठाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

दरअसल यह विवाद रैपर बादशाह के नए हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ से जुड़ा है। आरोप है कि गाने के कुछ बोल और वीडियो में अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जिससे महिलाओं और नाबालिग लड़कियों की गरिमा को ठेस पहुंचती है। गाने की एक लाइन “आया बादशाह डोली चढ़ाने…” को लेकर खासतौर पर आपत्ति जताई जा रही है।

इस गाने के वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियां हरियाणा रोडवेज बस के पास डांस करती नजर आती हैं। इसके बाद कई जगहों, खासकर जींद समेत अन्य जिलों में छात्राओं के डांस वीडियो वायरल हुए। इसके बाद कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी इस गाने का विरोध किया और लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।