एचसीसीएल सीजन-4 का धमाकेदार आगाज, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बढ़ाया उत्साह

हरियाणा सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग (एचसीसीएल) सीजन-4 का भव्य उद्घाटन गन्नौर के शेखपुरा में हुआ। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने नशा मुक्त जीवन का संदेश दिया। पहला मैच जिला प्रशासन टीम ने हरियाणा सेलिब्रिटी टीम को 28 रनों से हराया।

एचसीसीएल सीजन-4 का धमाकेदार आगाज, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बढ़ाया उत्साह

➤ गन्नौर के शेखपुरा क्रिकेट ग्राउंड पर एचसीसीएल सीजन-4 का भव्य शुभारंभ हुआ
➤ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने व समाज निर्माण का संदेश दिया
➤ पहले मैच में जिला प्रशासन की टीम ने हरियाणा सेलिब्रिटी टीम को 28 रनों से हराया

हरियाणा के गन्नौर जिले के गांव शेखपुरा स्थित क्रिकेट ग्राउंड पर हरियाणा सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग (एचसीसीएल) सीजन-4 का भव्य आगाज मंगलवार रात हुआ। इस महत्वपूर्ण अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली बतौर मुख्यातिथि पहुंचे और युवाओं व खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि खेल केवल शारीरिक तंदुरुस्ती का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों का उदाहरण देते हुए कहा कि देश में खेल प्रतिभाओं को पहचान व अवसर दिए जा रहे हैं।

मोहनलाल बड़ौली ने युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज व राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि परिवार व समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवा वर्ग से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल-कूद और सामाजिक कार्यों में लगाकर नशामुक्ति अभियान को सफल बनाएं।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसीयूटी योगेश दिल्हौर, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, भाजपा नेता निशांत छोक्कर, समाजसेवी व वर्मा लैब के डायरेक्टर प्रवीण वर्मा सहित हरियाणा के महान कलाकार व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

एचसीसीएल सीजन-4 के पहले मुकाबले में जिला प्रशासन की टीम ने हरियाणा सेलिब्रिटी टीम को 28 रनों से मात दी। जिला प्रशासन टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 10 ओवर में 160 रन बनाकर अपनी मजबूत स्थिति कायम की। इस दौरान ओपनर बल्लेबाज प्रवीण वर्मा व एसएचओ गन्नौर धीरज ने शानदार छक्कों व चौकों की बौछार की। विशेष रूप से एसएचओ गन्नौर धीरज चौधरी ने 90 रनों की एकतरफा पारी खेली, जिससे टीम को मजबूती मिली।

हरियाणा सेलिब्रिटी टीम ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन मुकाबले के अंत तक जिला प्रशासन टीम ने विजय हासिल की। इस मैच में खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन टीम में मुख्य रूप से जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राकेश गौतम, डीआईओ विशाल सैनी, एडीआईओ विजय बल्हारा, मंजीत दहिया सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

यह आयोजन न केवल खेल को बढ़ावा देने का प्रतीक बना, बल्कि युवाओं को सही दिशा में प्रेरित करने और समाज से नशा जैसे कुप्रवृत्तियों को दूर रखने की भी जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण अवसर रहा। आगामी सीजन के मैचों में और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक खेल की उम्मीद जताई जा रही है।