हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS और 22 HPAS अधिकारियों के तबादले
हिमाचल प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 IAS और 22 HPAS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। कई अहम विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
➤ हिमाचल सरकार ने 39 अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए
➤ गृह, वित्त, स्वास्थ्य, पर्यटन और नगर प्रशासन समेत कई विभागों में बड़े बदलाव
➤ सभी तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से लागू, कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार
हिमाचल प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 IAS और 22 HPAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सरकार ने सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए हैं।
अधिसूचना के अनुसार आर.डी. नजीम को अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह एवं सतर्कता) और एमपीपी एवं पावर विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। देवेश कुमार को प्रधान सचिव (वित्त, योजना, अर्थ एवं सांख्यिकी) बनाया गया है। वहीं एम. सुधा देवी को प्रधान सचिव (वन एवं उद्योग विभाग) नियुक्त किया गया है। उनके पास कार्मिक विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
सरकार ने संदीप कुमार को सचिव, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन, डॉ. यूनुस को सचिव, राज्य कर एवं आबकारी तथा डॉ. मधु चौधरी को विशेष सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग नियुक्त किया है। वहीं राकेश कुमार प्रजापति को पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग का निदेशक बनाया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल में कई युवा अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। अभिषेक कुमार गर्ग को एचपीएसआईडीसी (HPSIDC) का प्रबंध निदेशक, विवेक चंदेल को नगर निगम बद्दी का आयुक्त तथा गुरसिमर सिंह को तकनीकी शिक्षा विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है।
IAS अधिकारियों के साथ सरकार ने 22 HPAS अधिकारियों के भी तबादले किए हैं। सचिन कंवल को नगर निगम शिमला का आयुक्त, भूपेंद्र कुमार को हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इसके अलावा ज्योति राणा, डॉ. लाइक राम वर्मा, सन्नी शर्मा, नीरजा शर्मा और अन्य कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सरकार का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल सेवा वितरण को अधिक प्रभावी बनाने और विभागों के कामकाज में तेजी लाने के उद्देश्य से किया गया है। अधिसूचना मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत के आदेशों से जारी की गई है।
Akhil Mahajan