समालखा के लापता छात्र का शव नरेला में मिला:नहर किनारे मिली थी स्कूटी, बैग में था लाइसेंसी रिवॉल्वर
समालखा के नामुंडा नहर किनारे स्कूटी और रिवॉल्वर छोड़कर लापता हुए छात्र हिमांशु सिंगला का शव 6 दिन बाद नरेला के पास बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
➤ समालखा के नामुंडा नहर में छलांग लगाने वाले छात्र हिमांशु सिंगला का 6 दिन बाद नरेला के पास मिला शव
➤ नहर किनारे स्कूटी, बैग और लाइसेंसी रिवॉल्वर छोड़कर हुआ था लापता, रिवॉल्वर से चले हुए थे दो कारतूस
➤ दिल्ली के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव, इलाके में शोक की लहर
हरियाणा के समालखा उपमंडल के नामुंडा गांव के पास नहर में छलांग लगाने वाले 12वीं कक्षा के छात्र हिमांशु सिंगला का रहस्य 6 दिन बाद दुखद अंत के साथ खत्म हो गया। हिमांशु का शव दिल्ली के नरेला स्थित गऊशाला के पास नहर से बरामद हुआ है।
सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे नरेला पुलिस ने समालखा थाना को नहर में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर शिनाख्त की।
उल्लेखनीय है कि बीते 15 अप्रैल को नामुंडा से गांव डिडार की तरफ जाने वाले पुल के पास राहगीरों को एक लावारिस इलेक्ट्रिक स्कूटी खड़ी मिली थी, जिसकी लाइट जल रही थी और चाबी भी लगी हुई थी। पास ही एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और छात्र का बैग पड़ा था। जब राहगीर रविंद्र और उसके दोस्त दोबारा वहां से गुजरे और स्कूटी को उसी हालत में पाया, तो उन्होंने तुरंत डायल 112 को सूचित किया।
मौके पर पहुंची समालखा थाना पुलिस और सीआईए-वन की टीम को जांच के दौरान बैग से 12वीं कक्षा की गणित की किताब, पेन, चश्मा और चॉकलेट के रैपर मिले थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि बरामद रिवॉल्वर से दो कारतूस चले हुए थे, जबकि बैग में 4 जिंदा रौंद मौजूद थे। छात्र की तलाश में एसडीआरएफ (SDRF) की पांच सदस्यीय टीम और मधुबन के गोताखोरों ने नामुंडा से लेकर खुबडू झरने तक सघन सर्च अभियान चलाया था।
थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि छात्र के पिता अनिल के बयान पर पहले ही अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। सोमवार को नरेला पुलिस की सूचना पर चौकी इंचार्ज अनिल कुमार अपनी टीम और परिजनों के साथ दिल्ली के बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल (जहांगीरपुरी) पहुंचे, जहां परिजनों ने शव की पहचान हिमांशु के रूप में की। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि हिमांशु ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया और रिवॉल्वर से गोलियां क्यों चली थीं।
Akhil Mahajan