हिसार कोर्ट से बदमाश दीवार फांदकर फरार, चोरी के केस में पेशी के दौरान पुलिस को चकमा
हिसार में चोरी के मामले में पेशी के दौरान एक बदमाश कोर्ट की 12 फुट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गया। सीआईए वन जांच में जुटी है।
- हिसार कोर्ट परिसर से आरोपी दीवार फांदकर फरार
- चोरी के मामले में पेशी के दौरान पुलिस को चकमा
- सीआईए वन समेत पुलिस टीमें तलाश में जुटीं
हरियाणा के हिसार में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देता हुआ मामला सामने आया है। चोरी के एक मामले में अदालत में पेशी के लिए लाया गया बदमाश कोर्ट परिसर की दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बरवाला थाना पुलिस आरोपी को चोरी के केस में कोर्ट में पेश करने लाई थी। पेशी के दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा दिया और कोर्ट के मुख्य गेट से भागने के बजाय करीब 12 फुट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गया। आरोपी की इस हरकत से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी कोर्ट की दीवार कूदकर पार्किंग के रास्ते सेक्टर-15 की दिशा में भाग गया। फरार आरोपी की पहचान विशाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया था और न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश करने लाई थी।
आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया। सीआईए वन की टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पेशी के दौरान सुरक्षा में कहां चूक हुई और इसमें किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं बरती गई।
Author1