दुष्यंत चौटाला का काफिला रोकने पर बवाल, वैपन दिखाकर धमकाने का आरोप,दोनों पक्षों ने दी शिकायत
हिसार में दुष्यंत चौटाला का काफिला रोकने पर विवाद बढ़ा। दोनों पक्षों ने शिकायत दी है और पुलिस ने जांच DSP को सौंप दी है।
■ पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला का काफिला रोके जाने पर विवाद तेज
■ वैपन दिखाकर धमकाने का आरोप, CIA इंचार्ज ने दोनों भाइयों को बताया गलत
■ दोनों पक्षों की शिकायत, जांच DSP को सौंपी गई
हरियाणा के हिसार में पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला का काफिला रोके जाने का मामला अब बड़ा विवाद बन गया है। इस घटना को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए हैं और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
दुष्यंत चौटाला ने अर्बन एस्टेट थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि जब वह SP ऑफिस जा रहे थे, तब सब्जी मंडी पुल पर CIA इंचार्ज पवन कुमार ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान पवन कुमार ने वैपन दिखाकर धमकाया और उनकी गाड़ी को कुचलने की कोशिश भी की। दुष्यंत चौटाला का यह भी कहना है कि इस पूरे मामले में SP के सिक्योरिटी इंचार्ज अमरजीत की भी मिलीभगत है। उन्होंने दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस विवाद को लेकर दुष्यंत चौटाला ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाने की भी घोषणा की है।
वहीं, दूसरी ओर CIA इंचार्ज पवन कुमार ने भी उसी थाने में दुष्यंत चौटाला और उनके भाई दिग्विजय चौटाला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पवन कुमार के अनुसार, दुष्यंत की गाड़ी का ड्राइवर गलत तरीके से गाड़ी चला रहा था और कई बार उनकी गाड़ी से टकराने की स्थिति बन गई थी। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ ड्राइवर को सावधानी से गाड़ी चलाने के लिए समझाने उतरे थे।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दिग्विजय चौटाला ने एक पुलिसकर्मी को धक्का दिया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। पवन कुमार का कहना है कि उन्होंने जाम और विवाद से बचने के लिए वहां से निकलना बेहतर समझा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हिसार SP ने इसकी जांच DSP कवलजीत को सौंप दी है।
इस बीच, यह मामला सोशल मीडिया पर भी गरमा गया है। बीजेपी हरियाणा ने दिग्विजय चौटाला पर निशाना साधते हुए पोस्ट किया, जिसमें उनके व्यवहार पर सवाल उठाए गए। इसके जवाब में दिग्विजय चौटाला ने पलटवार करते हुए बीजेपी को ही कठघरे में खड़ा कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच हिसार पुलिस ने भी बयान जारी कर कहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो अधूरा है और पूरी सच्चाई जांच के बाद सामने लाई जाएगी।
shubham