हिसार पुलिस ने महिला हत्याकांड की गुत्थी सुलझाकर आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार किया

हिसार के खरड़ गांव में महिला हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार किया। चार लाख रुपए लौटाने से बचने के लिए आरोपी ने महिला की हत्या की थी।

हिसार पुलिस ने महिला हत्याकांड की गुत्थी सुलझाकर आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार किया

हिसार पुलिस ने महिला हत्याकांड की गुत्थी सुलझाकर आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार किया

चार लाख रुपए लौटाने से बचने के लिए आरोपी ने गला घोंटकर की थी हत्या

वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद, आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी

हरियाणा के हिसार जिले में सदर थाना पुलिस ने गांव खरड़ में हुई महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसके ही पड़ोसी ने उधार लिए गए पैसे लौटाने से बचने के लिए की थी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरपाल पुत्र धर्मा निवासी प्रेम नगर, हांसी के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। जांच के अनुसार मृतका पासो देवी और आरोपी हरपाल एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों पड़ोसी थे।

पुलिस के मुताबिक, पासो देवी ने कुछ समय पहले अपना प्लॉट बेचकर मिली रकम में से करीब चार लाख रुपए हरपाल को दिए थे। पिछले कुछ समय से वह लगातार अपनी रकम वापस मांग रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी मानसिक दबाव में था और उसने पैसे लौटाने से बचने के लिए हत्या की साजिश रच डाली।

जांच में सामने आया कि वारदात वाली रात आरोपी महिला को अपने ई-रिक्शा में बैठाकर साथ ले गया। दोनों ने रास्ते में एक जगह चाय पी। इसके बाद आरोपी उसे गांव खरड़ के खेतों की ओर ले गया, जहां उसने महिला का गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

थाना सदर हिसार के सब इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार ने बताया कि 15 जून को गांव खरड़ के खेतों में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान महिला की पहचान पासो देवी निवासी प्रेम नगर, हांसी के रूप में हुई। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, टायरों के निशानों, तकनीकी जांच और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस ने आरोपी हरपाल को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।