बॉयफ्रेंड की फोटो दिखाकर तीन साल तक बॉस करता रहा युवती से दुष्कर्म

हिसार की एक युवती ने अपने बॉस पर बलात्कार और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया। युवती का कहना है कि आरोपी ने कोरे कागज पर साइन कराए और 48 लाख रुपए लेने का झूठा आरोप लगाकर धमकाया। वहीं बॉस ने इसे हनी ट्रैप बताते हुए पलटवार किया।

बॉयफ्रेंड की फोटो दिखाकर तीन साल तक बॉस करता रहा युवती से दुष्कर्म

➤ हिसार की युवती ने अपने बॉस पर बार-बार बलात्कार करने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया
➤ युवती का दावा- कोरे कागज और फोटो दिखाकर बनाया दबाव, 48 लाख रुपए लेने का झूठा आरोप लगाया
➤ आरोपी बॉस का पलटवार- कहा हनी ट्रैप में फंसाया गया, युवती और उसकी बहन पर पहले भी शिकायतें

हिसार की एक युवती ने अपने ही बॉस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 22 साल की है और 16 मई 2022 से विश टेक्नॉलॉजी ऑफिस, बालसमंद रोड नजदीक रेलवे फाटक हिसार में काम कर रही है। आरोप है कि ऑफिस के मालिक अभय वासी ने 4 जून 2022 से उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने शुरू कर दिए।

पीड़िता का कहना है कि उसका बॉस ऑफिस में मौका देखकर जबरदस्ती करता और विरोध करने पर भी नहीं रुकता। युवती ने बताया कि आरोपी ने पहले कोरे कागज और स्टाम्प पेपर पर उससे साइन करवा लिए और बाद में धमकी दी कि तूने मुझसे 48 लाख रुपए लिए हैं, उन्हें लौटाना होगा। जबकि उसने कभी रुपए नहीं लिए।

युवती ने आगे आरोप लगाया कि बॉस उसके और उसके बॉयफ्रेंड की कुछ सामान्य तस्वीरें दिखाकर ब्लैकमेल करता था और शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। युवती के मुताबिक 30 अगस्त 2025 को आरोपी ने आखिरी बार उसके साथ जबरदस्ती की।

वहीं आरोपी अभय वासी ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उसने कहा कि उसे हनी ट्रैप में फंसाया गया है। अभय का दावा है कि युवती ने केस सुलझाने के नाम पर 50 लाख रुपए की मांग की थी और बाद में 30 लाख पर समझौते के लिए तैयार हो गई थी। आरोपी का यह भी कहना है कि युवती और उसकी बहन पहले भी कई लोगों को इसी तरह फंसा चुकी हैं और उनकी शिकायतें बालसमंद और उकलाना थानों में दर्ज हुईं, जिन्हें बाद में वापस ले लिया गया।

फिलहाल पुलिस ने युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले ने हिसार में सनसनी फैला दी है और दोनों पक्षों के दावों ने इसे और पेचीदा बना दिया है।