सिरसा में CM सैनी का बड़ा एक्शन! JE-ASI पर चार्जशीट के आदेश, NEET विवाद पर विपक्ष को भी घेरा

सिरसा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ग्रीवेंस बैठक के दौरान बिजली निगम के एक JE और रानियां थाना के ASI को चार्जशीट करने के आदेश दिए। एक मामले में विजिलेंस जांच के निर्देश भी जारी किए। NEET विवाद पर विपक्ष पर भी निशाना साधा।

सिरसा में CM सैनी का बड़ा एक्शन! JE-ASI पर चार्जशीट के आदेश, NEET विवाद पर विपक्ष को भी घेरा

ग्रीवेंस मीटिंग में JE और ASI पर चार्जशीट के आदेश
18 शिकायतों की सुनवाई, एक मामले में विजिलेंस जांच के निर्देश
NEET विवाद पर बोले- विपक्ष ने युवाओं को गुमराह करने का काम किया


हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को सिरसा दौरे के दौरान चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (CDLU) के ऑडिटोरियम में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति (ग्रीवेंस) की बैठक में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख दिखाया। बैठक में कुल 18 शिकायतों पर सुनवाई हुई। मुख्यमंत्री ने बिजली निगम के एक जूनियर इंजीनियर (JE) और रानियां थाना के एक एएसआई के खिलाफ चार्जशीट करने के आदेश दिए, जबकि एक अन्य मामले में विजिलेंस जांच कराने के निर्देश जारी किए।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने NEET परीक्षा और छात्रों से जुड़े विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में CET परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और किसी अभ्यर्थी या अभिभावक ने कोई शिकायत नहीं की। उन्होंने दावा किया कि NEET परीक्षा के दौरान सरकार ने विद्यार्थियों को परिवहन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष और इंडिया गठबंधन से जुड़े लोगों ने युवाओं को भड़काने और झूठी बातें फैलाकर भ्रमित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में कई पेपर लीक हुए और युवाओं का भरोसा टूटा, जबकि वर्तमान सरकार युवाओं का विश्वास मजबूत करने के लिए काम कर रही है।

नाबालिग के बयान में कथित अनियमितता पर ASI के खिलाफ कार्रवाई

ग्रीवेंस बैठक में रानियां क्षेत्र की निवासी कैलाश कौर ने शिकायत दर्ज कराई कि जनवरी 2026 में उनके साथ मारपीट हुई थी। उनका आरोप था कि बीच-बचाव करने आए उनके 13 वर्षीय बेटे के साथ भी मारपीट की गई और उसे गंभीर चोटें आईं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि मामले के जांच अधिकारी एएसआई राजेश कुमार ने नाबालिग के बयान सही तरीके से दर्ज नहीं किए और कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर कर कार्रवाई में अनियमितता बरती।

शिकायत सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीर मानते हुए एएसआई राजेश कुमार को चार्जशीट करने के आदेश दिए तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सोलर पैनल नहीं लगाने पर JE पर गिरी गाज

गुड़ियाखेड़ा निवासी विनोद कुमार ने शिकायत में बताया कि उन्होंने सोलर पैनल योजना के तहत आवेदन करने के बाद निर्धारित राशि का भुगतान भी कर दिया था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद उनके घर सोलर पैनल स्थापित नहीं किया गया। कई बार संबंधित कंपनी और अधिकारियों से संपर्क करने के बावजूद समाधान नहीं मिला।

मुख्यमंत्री ने शिकायत की सुनवाई के बाद मामले में जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित JE को चार्जशीट करने के आदेश दिए और शिकायत का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।