छात्रों के समर्थन में हरियाणा सड़कों पर , धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका, किसानों का रोष मार्च, JJP का धरना
दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध की आग अब हरियाणा तक पहुंच गई है। राज्य के कई जिलों में विपक्षी दलों, छात्र संगठनों और किसान संगठनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को कांग्रेस भी पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालयों पर रोष मार्च निकालेगी।
➤ दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में हरियाणा के कई जिलों में प्रदर्शन तेज
➤ गुरुग्राम में शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका, सिरसा में JJP का अनिश्चितकालीन धरना
➤ यमुनानगर में किसानों का रोष मार्च, कांग्रेस का आज प्रदेशभर में प्रदर्शन
हिसार। दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध की गूंज अब हरियाणा में भी तेज हो गई है। प्रदेश के कई जिलों में विपक्षी दल, छात्र संगठन और किसान संगठन सड़कों पर उतर आए हैं। गुरुवार को कांग्रेस ने भी पूरे राज्य के जिला मुख्यालयों पर रोष मार्च निकालने का ऐलान किया है।
सिरसा में जननायक जनता पार्टी (JJP) ने ताऊ देवीलाल पार्क में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि छात्रों और युवाओं के साथ अन्याय के खिलाफ अब चुप नहीं बैठा जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों, व्यापारियों, छात्रों और सामाजिक संगठनों से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
वहीं गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के बाहर एनएसयूआई की अगुवाई में छात्रों ने प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
उधर यमुनानगर में भारतीय किसान यूनियन (BKU) ने छात्रों के समर्थन में रोष मार्च निकालने की घोषणा की है। कई अन्य जिलों में भी छात्र संगठनों ने प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है। हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सभी जिला मुख्यालयों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
बुधवार को भी पूरे प्रदेश में हुआ था विरोध
इससे पहले बुधवार को पंचकूला में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय 'पंचकमल' का घेराव किया था। इस दौरान पुलिस ने सिरसा विधायक गोकुल सेतिया और पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया था।
यमुनानगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया, जबकि भिवानी में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की देखने को मिली। फतेहाबाद में भी विभिन्न संगठनों ने छात्रों के समर्थन में पैदल मार्च निकाला।
हरियाणा में लगातार बढ़ते प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
Akhil Mahajan