ठेके पर अंधाधुंध फायरिंग के बाद चिपकाया जय श्री राम और छोटा सामनिया का पर्चा
हिसार के सिंघवा खास गांव में तीन बाइक सवार युवकों ने शराब ठेके पर अंधाधुंध फायरिंग की और जय श्री राम व छोटा सामनिया का पर्चा चिपका कर फरार हो गए।
➤ हिसार में शराब ठेके पर अंधाधुंध फायरिंग
➤ तीन बाइक सवार बदमाशों ने मचाई दहशत
➤ जय श्री राम और “छोटा सामनिया” का पर्चा चिपकाया
हिसार जिले के बास थाना क्षेत्र के गांव सिंघवा खास में सोमवार शाम सनसनीखेज वारदात हुई। तीन बाइक सवार युवकों ने शराब के ठेके पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलीबारी की यह घटना शाम करीब 7 बजे हुई। फायरिंग के बाद बदमाश फरार हो गए।
गांव सिंघवा में वरुणि वाइन कंपनी के नाम से ठेका आवंटित है, जिसकी देखरेख मुंढाल खुर्द निवासी कपिल और सोमवीर कर रहे हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी आते ही 3-4 फायर कर ठेके को निशाना बनाया और फिर कुछ दूरी पर दो और गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भाग खड़े हुए।
सूचना मिलते ही बास थाना पुलिस और नारनौंद सीआईए टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। इलाके में नाकाबंदी भी कर दी गई है।
फायरिंग के बाद आरोपियों ने शराब ठेके पर जय श्री राम और “छोटा सामनिया” नाम से पर्चा चिपकाया। पुलिस इस पहलू की गहनता से जांच कर रही है कि पर्चा चिपकाने का मकसद धमकाना था, आपसी रंजिश थी या ठेकेदारों पर दबाव बनाने की कोशिश।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Akhil Mahajan