हिसार रेलवे पावर हाउस में आग, कई ट्रेनें प्रभावित
हिसार के साउथ बाईपास स्थित रेलवे पावर हाउस में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई, जिससे पावर सप्लाई बाधित हुई और कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
■ रेलवे के बिजलीघर में अचानक लगी आग
■ शॉर्ट सर्किट की आशंका, फायर ब्रिगेड मौके पर
■ पावर सप्लाई ठप होने से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित
हरियाणा के हिसार में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब साउथ बाईपास स्थित रेलवे पावर हाउस में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते धुएं का घना गुबार आसपास के इलाकों में फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बिजलीघर में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी।
इस हादसे का सीधा असर रेलवे संचालन पर पड़ा है। जिस पावर हाउस से रेलवे स्टेशन को बिजली सप्लाई दी जा रही थी, वहीं आग लगने से सप्लाई बाधित हो गई। इसके चलते कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होने की खबर सामने आई है। रेलवे प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और वैकल्पिक व्यवस्था करने की कोशिश की जा रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन तकनीकी नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Akhil Mahajan