प्रेस मारकर पत्नी की हत्या

हिसार में घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी की हत्या कर दी। प्रेस से हमला और गला दबाने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रेस मारकर पत्नी की हत्या

➤ हिसार में पति ने पत्नी की हत्या, घरेलू झगड़े ने लिया खौफनाक मोड़
➤ प्रेस से हमला और गला दबाने का आरोप, मौके पर ही मौत
➤ वारदात के बाद आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी


हिसार में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच घर में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि गुस्से में पति ने पत्नी की छाती पर प्रेस (इस्त्री) से वार किया और इसके बाद उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान सोनिया (36) के रूप में हुई है, जो हिसार के संत नगर की रहने वाली थी। वह एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी। करीब 8 साल पहले उसकी शादी सेक्टर-13 निवासी सौरभ से हुई थी, जो टूर एंड ट्रैवल का काम करता है। दोनों की एक 6 साल की बेटी भी है।

हत्या के बाद घर के बाहर विलाप करती सोनिया की बहन।

घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

घटना के बाद घर के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दुख देखा जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।