हरियाणा में HKRN कर्मचारियों की सैलरी अटकी, UHBVN ने भेजा चौथा रिमाइंडर
हरियाणा में HKRN कर्मचारियों की सैलरी देरी से मिलने पर UHBVN ने चौथा रिमाइंडर भेजा। अनुबंध अवधि न बढ़ने से वेतन भुगतान अटका हुआ है।
HKRN कर्मचारियों की सैलरी अटकी, UHBVN ने भेजा चौथा रिमाइंडर
अनुबंध अवधि नहीं बढ़ने से वेतन भुगतान में आ रही देरी
30 जून तक सेवाएं बढ़ाने के आदेश के बावजूद कार्रवाई लंबित
हरियाणा में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से कार्यरत संविदा कर्मचारियों की सैलरी में देरी का मामला अब गंभीर होता जा रहा है। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए HKRN के महाप्रबंधक को चौथा रिमाइंडर भेजा है। निगम ने स्पष्ट कहा है कि अनुबंध अवधि का समय पर नवीनीकरण नहीं होने के कारण हजारों कर्मचारियों का वेतन अटक गया है।
पंचकूला स्थित UHBVN प्रशासन शाखा की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि 31 मार्च 2026 के बाद HKRN पोर्टल पर कर्मचारियों की कॉन्ट्रैक्ट अवधि नहीं बढ़ाई गई। इसके चलते संबंधित कर्मचारियों का वेतन जारी करने में दिक्कतें आ रही हैं। निगम ने इस मामले में 4 मई, 5 मई, 7 मई और 8 मई को भी पत्र भेजे थे, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि हरियाणा सरकार के मानव संसाधन विभाग ने 8 मई 2026 को आदेश जारी कर HKRN के माध्यम से नियुक्त कर्मचारियों की सेवाएं 30 जून 2026 तक बढ़ाने के निर्देश दिए थे। साथ ही कहा गया था कि हरियाणा सेवा सुरक्षा अधिनियम-2024 का पोर्टल लागू होने तक ये सेवाएं जारी रहेंगी।
इसके बावजूद HKRN पोर्टल पर अनुबंध विस्तार की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इसी वजह से बिजली निगम के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों का वेतन समय पर जारी नहीं हो पा रहा। UHBVN ने पत्र में कहा कि संबंधित ड्रॉइंग एंड डिस्बर्सिंग ऑफिसर्स (DDOs) की ओर से लगातार अनुरोध भेजे जा रहे हैं, लेकिन तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया लंबित होने से समस्या बनी हुई है।
निगम ने HKRN से मांग की है कि कर्मचारियों की अनुबंध अवधि तत्काल प्रभाव से बढ़ाई जाए, ताकि सैलरी भुगतान प्रक्रिया शुरू हो सके। साथ ही मुख्य लेखा अधिकारी (CAO) को भी निर्देश दिए गए हैं कि वेतन भुगतान में तेजी लाई जाए और सभी DDOs HKRN के संपर्क में बने रहें।
इस पूरे मामले से संविदा कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। कर्मचारियों का कहना है कि समय पर वेतन नहीं मिलने से परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। अब सभी की नजर HKRN और सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
pooja