वैभव के डेब्यू मैच में इंग्‍लैंड से भारत को मिली करारी हार: बिश्नोई का एक ओवर बना हार की वजह

मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी-20 में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हराया। वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू किया, जबकि जैकब बेथेल की नाबाद 76 रन की पारी और रवि बिश्नोई का महंगा ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट बना।

वैभव के डेब्यू मैच में इंग्‍लैंड से भारत को मिली करारी हार:  बिश्नोई का एक ओवर बना हार की वजह

डेब्यू मैच में वैभव सूर्यवंशी ने बनाए 14 रन, भारत को 4 विकेट से हार

जैकब बेथेल की नाबाद 76 रन की पारी ने पलटा मैच

रवि बिश्नोई के 17वें ओवर में बने 29 रन, इंग्लैंड ने सीरीज में बनाई बढ़त


भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीत दर्ज कर ली। इस मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया, लेकिन उनका डेब्यू जीत के साथ यादगार नहीं बन सका। इंग्लैंड ने 191 रन का लक्ष्य 19 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। पहला मुकाबला बेनतीजा रहा था।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने उपयोगी पारियां खेलीं। डेब्यू कर रहे वैभव सूर्यवंशी ने 10 गेंदों में 14 रन बनाए, जिसमें दो शानदार छक्के शामिल रहे।

भारत की शुरुआत तेज रही। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 29 गेंदों में 50 रन जोड़े। इसके बाद श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा ने तेज बल्लेबाजी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में फिल सॉल्ट और जोस बटलर को आउट कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। हालांकि कप्तान हैरी ब्रूक और बाद में जैकब बेथेल ने पारी को संभाल लिया।

मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट 17वां ओवर साबित हुआ। रवि बिश्नोई के इस ओवर में तीन नो-बॉल हुईं और जैकब बेथेल ने तीन छक्के व एक चौका लगाते हुए कुल 29 रन बटोर लिए। यहीं से मैच पूरी तरह इंग्लैंड के पक्ष में चला गया।

जैकब बेथेल ने 76 रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि टॉम बैंटन ने 39 रन बनाए। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने हैरी ब्रूक को आउट कर टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे किए।

इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। 15 साल 99 दिन की उम्र में डेब्यू कर वह भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन गए। उन्होंने फील्डिंग के दौरान अपना पहला अंतरराष्ट्रीय कैच भी लपका।

अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा मुकाबला 7 जुलाई को नॉटिंघम में खेला जाएगा।