अहमदाबाद में भारत-न्यूजीलैंड फाइनल, इस बार मिक्स मिट्टी की पिच तैयार 2023 का दर्द भूल पाएगा भारत? फाइनल से पहले पिच को लेकर बड़ा अपडेट

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए मिक्स मिट्टी की पिच तैयार की जा रही है। लाल मिट्टी ज्यादा होने से बल्लेबाजों को फायदा मिल सकता है और हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद है।

अहमदाबाद में भारत-न्यूजीलैंड फाइनल, इस बार मिक्स मिट्टी की पिच तैयार  2023 का दर्द भूल पाएगा भारत? फाइनल से पहले पिच को लेकर बड़ा अपडेट

भारत-न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप फाइनल अहमदाबाद में
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस बार मिक्स मिट्टी की पिच तैयार
लाल मिट्टी ज्यादा होने से बल्लेबाजों को मिल सकता है फायदा


टीम इंडिया एक बार फिर इतिहास रचने के बेहद करीब है। 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह वही मैदान है, जहां 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत का खिताब जीतने का सपना टूट गया था। ऐसे में फैंस के मन में एक बार फिर उस दर्द की याद ताजा हो गई है, लेकिन इस बार पिच को लेकर सामने आई जानकारी ने उम्मीदें बढ़ा दी हैं।

फाइनल मुकाबले के लिए Narendra Modi Stadium, अहमदाबाद में इस बार मिक्स मिट्टी की पिच तैयार की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पिच में काली मिट्टी की तुलना में लाल मिट्टी ज्यादा होगी। माना जा रहा है कि यह पिच संतुलित होगी और दोनों टीमों को बराबर मौका देगी।

बल्लेबाजों को मिल सकता है फायदा

लाल मिट्टी ज्यादा होने की वजह से पिच पर अच्छा उछाल (बाउंस) मिलने की उम्मीद है। इससे गेंद बल्ले पर आसानी से आएगी और बल्लेबाजों के लिए रन बनाना थोड़ा आसान हो सकता है। यानी फाइनल में दर्शकों को हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।

इसी तरह की पिच इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका और कनाडा के लीग मैच में भी इस्तेमाल की गई थी। उस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने 213 रन का बड़ा स्कोर बनाया था, जबकि कनाडा की टीम 156 रन तक ही पहुंच पाई थी।

2023 वर्ल्ड कप की हार का असर

इस बार पिच चयन में 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल का अनुभव भी अहम माना जा रहा है। उस मैच में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। उस समय काली मिट्टी की धीमी पिच थी, जिस पर भारतीय बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना पाए थे।

इतना ही नहीं, मौजूदा टूर्नामेंट में भी भारत को इसी मैदान पर सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से 70 से ज्यादा रन से हार मिली थी। इसलिए टीम मैनेजमेंट पिच को लेकर इस बार ज्यादा सतर्क नजर आया।

टीम मैनेजमेंट ने पिच पर रखी नजर

सूत्रों के अनुसार टूर्नामेंट के लीग मैचों में मिली कुछ पिचों से भारतीय टीम मैनेजमेंट संतुष्ट नहीं था। इस बारे में स्थानीय क्यूरेटरों से बातचीत भी की गई थी। इसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड के कुछ स्टाफ को पिच की तैयारी पर नजर रखने के लिए भेजा गया

भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई है। न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया, जबकि भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया

फाइनल से पहले भारतीय टीम शनिवार को आखिरी अभ्यास सत्र करेगी और पिच का बारीकी से निरीक्षण करेगी। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या अहमदाबाद का यह मैदान 2023 का दर्द भुलाकर भारत को आईसीसी ट्रॉफी दिलाएगा या फिर एक और बड़ा मुकाबला इतिहास में दर्ज होगा।