IPL 2026 ओपनर में RCB vs SRH, चिन्नास्वामी में रन बरसने तय
आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी। चिन्नास्वामी स्टेडियम की बल्लेबाजों के अनुकूल पिच पर हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद है। यहां देखें दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 और मैच प्रीव्यू।
■ तीन मुख्य बिंदु
■ IPL 2026 के ओपनर में RCB vs SRH के बीच हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद
■ विराट कोहली, फिल सॉल्ट बनाम हेड, किशन, क्लासेन पर नजर
■ चिन्नास्वामी पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल, चौके-छक्कों की बरसात तय
आईपीएल 2026 का आगाज धमाकेदार मुकाबले के साथ होने जा रहा है, जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा। दोनों टीमों की मजबूत बल्लेबाजी को देखते हुए यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग और रोमांच से भरपूर होने की पूरी उम्मीद है। खासतौर पर चिन्नास्वामी की छोटी बाउंड्री और फ्लैट पिच बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका देती है, ऐसे में फैंस को चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिल सकती है।
इस सीजन आरसीबी की बल्लेबाजी काफी मजबूत नजर आ रही है। ओपनिंग में विराट कोहली और फिल सॉल्ट उतर सकते हैं, जबकि मिडिल ऑर्डर में कप्तान रजत पाटीदार और देवदत्त पडिक्कल टीम की बल्लेबाजी को संभालेंगे। वहीं टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड फिनिशर की भूमिका में नजर आएंगे। गेंदबाजी में जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी में भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा पर बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली है।
वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम भी बल्लेबाजी में कम मजबूत नहीं है, लेकिन टीम को कप्तान पैट कमिंस की कमी खलेगी, जो शुरुआती मैचों में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह ईशान किशन टीम की कप्तानी करेंगे। ओपनिंग में ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा तेज शुरुआत देने की कोशिश करेंगे, जबकि मिडिल ऑर्डर में ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन अहम भूमिका निभाएंगे। लियाम लिविंगस्टोन निचले क्रम में बड़े शॉट लगाने के लिए जाने जाते हैं।
इस मैच से पहले एक भावुक पहलू भी जुड़ा हुआ है। दरअसल, पिछले साल आरसीबी की खिताबी जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना की याद में स्टेडियम में 11 सीटें खाली रखी जाएंगी और आरसीबी खिलाड़ी अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनकर श्रद्धांजलि देंगे।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिल सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जैकब डफी।
सनराइजर्स हैदराबाद: हेनरिक क्लासेन, ईशान किशन (कप्तान), अनमोलप्रीत वर्मा, ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, लियाम लिविंगस्टोन, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ब्रायडन कार्स, शिवम मावी।
shubham 