कोलकाता में 1 मार्च को भारत-वेस्टइंडीज की टक्कर, बारिश बनी तो रन रेट तय करेगा सेमीफाइनल का रास्ता
1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन में भारत और वेस्टइंडीज के बीच वर्चुअल नॉकआउट मुकाबला खेला जाएगा। बारिश की स्थिति में रन रेट के आधार पर सेमीफाइनल का फैसला हो सकता है।
■ भारत-वेस्टइंडीज मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट, जीतने वाली टीम को सेमीफाइनल टिकट
■ बारिश में मैच रद्द हुआ तो रन रेट के आधार पर होगा फैसला
■ ईडन गार्डन में 1 मार्च शाम 7 बजे से खेला जाएगा सुपर-8 का आखिरी मैच
1 मार्च को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मुकाबला किसी फाइनल से कम नहीं है। सुपर-8 चरण में दोनों टीमों की स्थिति ऐसी है कि यह मैच उनके लिए वर्चुअल नॉकआउट बन चुका है। जो टीम जीतेगी, वह सीधे सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो सकता है।
सुपर-8 में दोनों टीमों ने अब तक दो-दो मुकाबले खेले हैं और एक-एक मैच में जीत हासिल की है। भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन टीम ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराकर शानदार वापसी की। दूसरी ओर वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराया, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ 9 विकेट से करारी शिकस्त मिली।
बारिश हुई तो किसे मिलेगा फायदा?
क्रिकेट फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन में बारिश की वजह से मैच रद्द हो गया तो क्या होगा?
नियमों के मुताबिक अगर मुकाबला नहीं हो पाता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक बांट दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में दोनों टीमों के कुल 3-3 अंक हो जाएंगे। तब सेमीफाइनल में पहुंचने का फैसला नेट रन रेट के आधार पर किया जाएगा।
यहीं पर वेस्टइंडीज को बढ़त मिलती दिख रही है। उनका रन रेट +1.791 है, जबकि भारत का रन रेट -0.100 है। ऐसे में अगर मैच बारिश की भेंट चढ़ गया, तो बेहतर रन रेट की वजह से शाई होप की अगुवाई वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंच सकती है।
कोलकाता में मौसम का हाल
हाल के दिनों में कोलकाता में बारिश जरूर हुई है और 28 फरवरी तक बारिश की संभावना जताई गई थी। हालांकि 1 मार्च को मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार मैच के दिन बारिश की संभावना बेहद कम है। इससे फैंस को पूरा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
अगर मैच पूरा होता है तो समीकरण साफ है — जो टीम जीतेगी, वही सेमीफाइनल में जाएगी। भारत के लिए यह करो या मरो की स्थिति है। टीम को सिर्फ जीत चाहिए, ताकि रन रेट के झंझट से बचते हुए सीधे टॉप-4 में जगह बनाई जा सके।
कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला?
भारत बनाम वेस्टइंडीज मुकाबला 1 मार्च, रविवार को ईडन गार्डन, कोलकाता में खेला जाएगा। मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से होगी, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। यह सुपर-8 चरण का आखिरी मैच है और इसके बाद टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबले शुरू होंगे।
अब निगाहें कोलकाता पर टिकी हैं। क्या भारत जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंचेगा, या बारिश और रन रेट का खेल सब कुछ बदल देगा?
shubham