नौसरबाज ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर 35 महिलाओं से ₹1 करोड़ ठगे

इंस्टाग्राम रील्स देखकर 33 महिलाएं ठगी का शिकार हुईं। आरोपी महिला ने पहले मुनाफा लौटाकर भरोसा जीता और फिर लाखों रुपये हड़प लिए। फतेहाबाद में FIR दर्ज, हाईकोर्ट जाने की तैयारी।

नौसरबाज ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर 35 महिलाओं से ₹1 करोड़ ठगे

➤ इंस्टाग्राम रील्स के जरिए 33 महिलाओं से ठगी, लाखों की चपत
➤ आरोपी महिला ने पहले छोटा मुनाफा लौटाकर भरोसा जीता, फिर मोटी रकम हड़प ली
➤ फतेहाबाद में FIR दर्ज, हाईकोर्ट जाने की तैयारी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर चल रहे एक ठगी रैकेट ने पंजाब की 33 महिलाओं को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा दिया। महिलाओं को ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट और मुनाफे का लालच देकर एक महिला ठग ने अपने जाल में फंसा लिया। ठगी का शिकार बनी महिलाओं में पंजाब के अलावा राजस्थान और हिमाचल प्रदेश की भी 2 महिलाएं शामिल हैं।

महिलाओं के मुताबिक घर बैठे रुपए इन्वेस्ट कर प्रोफिट कमाने का झांसा दिया था।

ठगी का शिकार महिलाओं ने पंजाब DGP को शिकायत भेजी है, वहीं मोहाली की एक महिला ने एसएसपी को भी मामले की रिपोर्ट दी है। पीड़ितों का आरोप है कि ठग महिला मूल रूप से पटियाला की रहने वाली है और उसने फर्जी नाम से ठगी की। उसके खिलाफ हरियाणा के फतेहाबाद में भी एफआईआर दर्ज हो चुकी है।

मोहाली की महिला का केस सबसे चौंकाने वाला है। गांव मटौर की रहने वाली परमिंदर कौर ने 2024 में इंस्टाग्राम पर "घर बैठे पैसे कमाने" की एक रील देखी। इसमें विज्ञापन डालने वाली महिला नवदीप कौर से उसने संपर्क किया। पहली बार निवेश करने पर उसे थोड़े मुनाफे के साथ रकम लौटा दी गई। लेकिन दूसरी बार 6 लाख रुपये निवेश करवाने के बाद रकम नहीं लौटाई गई।

परमिंदर कौर के पति हरमिंदर सिंह का आरोप है कि महिला ठगी से प्रॉपर्टी, ट्रक और गाड़ियां खरीद रही है। जांच में सामने आया है कि ठग महिला का असली नाम निशा रानी है, जो सोशल मीडिया पर नवदीप कौर बनकर ठगी कर रही है।

दूसरी ओर, फतेहाबाद की रतिया निवासी मनिंदर कौर ने भी इसी महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उसने अक्टूबर 2023 में इंस्टाग्राम पर "official_navdeepkaur07" आईडी से एक वीडियो देखा, जिसमें 36,500 रुपये निवेश करने पर 38,500 रुपये लौटाने का दावा किया गया। पहले छोटी रकम वापस की गई, लेकिन बाद में महिला से करीब 12.23 लाख रुपये ठग लिए गए।

पीड़ित महिलाओं का कहना है कि पिछले दो साल से ठग महिला लगातार अलग-अलग जिलों में महिलाओं को निशाना बना रही है।

एडवोकेट सिमरनजीत कौर ने इस मामले में कहा कि "पैसा कमाने का कोई शॉर्टकट नहीं होता। सोशल मीडिया पर अधिकतर चीजें झूठी और गुमराह करने वाली हैं।" उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मामले को लेकर हाईकोर्ट जाएंगी।