IRCTC घोटाले में लालू-राबड़ी-तेजस्वी के खिलाफ आरोप तय, बिहार चुनाव से पहले RJD की बढ़ी मुश्किलें

IRCTC घोटाले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ आरोप तय किए। कोर्ट ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया में लालू की सीधी दखलअंदाजी थी। इससे लालू परिवार को आर्थिक लाभ हुआ। बिहार चुनाव से पहले RJD की मुश्किलें बढ़ीं।

IRCTC घोटाले में लालू-राबड़ी-तेजस्वी के खिलाफ आरोप तय, बिहार चुनाव से पहले RJD की बढ़ी मुश्किलें

IRCTC घोटाले में लालू, राबड़ी और तेजस्वी के खिलाफ आरोप तय
कोर्ट ने कहा लालू की जानकारी में रची गई थी साजिश, परिवार को हुआ फायदा
बिहार चुनाव से पहले RJD की बढ़ी मुश्किलें, लैंड फॉर जॉब केस में फैसला टला



दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को IRCTC घोटाले मामले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ आरोप तय कर दिए। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि टेंडर प्रक्रिया में लालू यादव की सीधी दखलअंदाजी थी और पूरी साजिश उनकी जानकारी में रची गई। कोर्ट ने कहा कि इस घोटाले से लालू परिवार को फायदा पहुंचा।

लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव तीनों सोमवार सुबह राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचे। कोर्ट में जज ने लालू यादव से पूछा कि क्या आप आरोप स्वीकार करते हैं या मुकदमे का सामना करेंगे। इस पर लालू ने कहा, “सभी आरोप गलत हैं।” वहीं राबड़ी देवी ने कहा कि वह किसी साजिश या धोखाधड़ी में शामिल नहीं हैं, जबकि तेजस्वी यादव ने भी आरोपों को सिरे से खारिज किया।

यह मामला 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री रहे लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल का है।
CBI का कहना है कि IRCTC के रांची और पुरी स्थित दो होटलों के रखरखाव का ठेका गलत तरीके से एक निजी कंपनी सुजाता होटल्स को दिया गया था। इस सौदे के बदले लालू परिवार को पटना में कीमती जमीन दी गई थी।

कोर्ट ने कहा कि लालू की जानकारी में हुई पूरी साजिश से उनके परिवार को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिला। अब इस मामले में तीनों को ट्रायल का सामना करना पड़ेगा।

उधर, लैंड फॉर जॉब केस में भी आज सुनवाई हुई, लेकिन फैसला टल गया। अब इस पर 10 नवंबर को अगली सुनवाई होगी। इस केस में लालू, राबड़ी और तेजस्वी की मौजूदगी जरूरी नहीं थी।


बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह फैसला आरजेडी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। विपक्ष ने इसपर हमला तेज कर दिया है, वहीं आरजेडी का कहना है कि यह राजनीतिक बदले की कार्रवाई है।