केजरीवाल रिटर्न, जंतर-मंतर में भाजपा पर सीधा हमला अदालत के फैसले को बताया ऐतिहासिक, शक्ति प्रदर्शन
जंतर-मंतर पर आयोजित आम आदमी पार्टी की जनसभा में अरविंद केजरीवाल ने अदालत के फैसले को ऐतिहासिक बताया और भाजपा पर तीखा हमला बोला।
■ जंतर-मंतर पर आप की जनसभा में केजरीवाल का तीखा संबोधन
■ अदालत के फैसले को बताया ऐतिहासिक, भाजपा पर साधा निशाना
■ केंद्र और दिल्ली सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप
नई दिल्ली के जंतर मंतर पर आम आदमी पार्टी की जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। सभा में पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी, गोपाल राय और गोवा प्रदेश अध्यक्ष वाल्मीकि नायक ने भी मंच से भाजपा की नीतियों की आलोचना की।
केजरीवाल ने अपने संबोधन में हाल ही में आए अदालत के फैसले को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की अदालत ने दिल्ली और देश के लोगों के पक्ष में फैसला सुनाया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा माहौल में भी न्यायालय ने साहसिक निर्णय दिया। उन्होंने न्यायाधीश का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह फैसला भाजपा नेताओं के आरोपों पर करारा जवाब है।
केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार वर्षों में उन्हें और दिल्ली सरकार को लगातार निशाना बनाया गया। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए कोई रिश्वत नहीं ली। उन्होंने दावा किया कि यदि दिल्ली का कोई भी नागरिक यह साबित कर दे कि उन्होंने पैसे मांगे, तो वह राजनीति छोड़ देंगे।
भाजपा पर 12 साल के कार्यकाल को लेकर सवाल
केजरीवाल ने कहा कि 2014 में जनता ने बदलाव के लिए भाजपा को मौका दिया था, लेकिन 12 साल में देश की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने बेरोजगारी, प्रदूषण और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मामलों में चुनिंदा कार्रवाई की जाती है। उन्होंने विभिन्न आर्थिक मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि सरकार गंभीर है तो व्यापक स्तर पर कार्रवाई करे।
दिल्ली सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
आप संयोजक ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार को आए एक वर्ष हो चुका है, लेकिन रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
सभा में गोपाल राय ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि किसी भी अदालत में जाने से केजरीवाल की छवि प्रभावित नहीं होगी। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी कार्यकर्ताओं से संघर्ष जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की जरूरत है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और पार्टी का मनोबल बढ़ाया।
Akhil Mahajan