केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी हरियाणा के दौरे, आरएलडी नेता नरेंद्र चिकारा के नेतृत्व में समर्थकों भव्य स्वागत
जयंत चौधरी के हरियाणा दौरे में पानीपत और मुरथल में कार्यक्रम हुए। छात्रावास का शुभारंभ और रविंद्र मच्छरौली से मुलाकात के बाद सियासी अटकलें तेज हुईं।
• जयंत चौधरी का हरियाणा दौरा, मुरथल और पानीपत में कार्यक्रम
• पानीपत में छात्रावास का शुभारंभ, संगठन विस्तार के दिए संकेत
• पूर्व विधायक रविंद्र मच्छरौली से मुलाकात के राजनीतिक मायने
पानीपत। केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी सोमवार को हरियाणा के दौरे पर रहे। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मुरथल में आरएलडी नेता नरेंद्र चिकारा के नेतृत्व में समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।
इसके बाद जयंत चौधरी पानीपत के विकास नगर पहुंचे, जहां उन्होंने एक छात्रावास का शुभारंभ किया। इस
दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा और सामाजिक विकास आरएलडी की प्राथमिकताओं में शामिल है और पार्टी जमीनी स्तर पर मजबूत ढांचा तैयार कर रही है।
जयंत चौधरी की पानीपत के मच्छरौली गांव में पूर्व विधायक रविंद्र मच्छरौली से मुलाकात भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही। रविंद्र मच्छरौली निर्दलीय चुनाव जीत चुके हैं और जयंत चौधरी का उनके आवास पर जाना कई सियासी संकेत दे रहा है।
आरएलडी अध्यक्ष की इस मुलाकात के बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि रविंद्र मच्छरौली को आरएलडी हरियाणा में कोई अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि, अभी तक उनके पार्टी में शामिल होने को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
हरियाणा में संगठन विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर जयंत चौधरी ने कहा कि राज्य में संगठन का विस्तार जल्द किया जाएगा और पार्टी आने वाले समय में हरियाणा में अपनी सक्रियता और बढ़ाएगी।
वहीं, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने गुरुवार को हरियाणा के पानीपत में राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला) परिसर में एक अत्याधुनिक गर्ल्स हॉस्टल का उद्घाटन किया। यह पहल महिलाओं के कौशल विकास, सुरक्षित आवास और तकनीकी शिक्षा तक बेहतर पहुंच को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
नया गर्ल्स हॉस्टल 2,758 वर्ग मीटर क्षेत्र में निर्मित G+2 मंज़िला भवन है। इसमें सुरक्षा, पहुँच और सस्टेनेबिलिटी को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इस हॉस्टल में कुल 59 कमरे, एक रिक्रिएशन रूम, 50 आधुनिक ट्विन-शेयरिंग आवास, गेस्ट सुविधाएं और कॉमन स्पेस शामिल हैं, जो ट्रेनी युवतियों को पढ़ाई के साथ बेहतर आवासीय माहौल प्रदान करेंगे।
हॉस्टल में एनर्जी-एफ़िशिएंट सिस्टम, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षित कैंपस सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे छात्राओं को प्रेरणादायक और सुरक्षित कैंपस लाइफ मिल सके। इससे एनएसटीआई (महिला) पानीपत की आवासीय क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि जब युवा महिलाएं बिना किसी बाधा के अपने सपनों को पूरा करती हैं, तो भारत की विकास यात्रा और मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रतिभा, ऊर्जा और खेल के क्षेत्र में देश का नाम रोशन करने वाला राज्य रहा है और यहां की युवा शक्ति देश की रीढ़ है।
उन्होंने कहा कि यह नया गर्ल्स हॉस्टल यह सुनिश्चित करेगा कि अधिक से अधिक युवा महिलाएं हाई-स्किल करियर की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।
जयंत चौधरी ने SOAR (स्किलिंग फॉर AI रेडीनेस) – #SkillTheNation चैलेंज का भी उल्लेख किया, जिसे 1 जनवरी को राष्ट्रपति द्वारा घोषित किया गया था। उन्होंने छात्रों और युवाओं से AI कोर्स करने और अपने मित्रों व परिवारजनों को इस अभियान से जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि AI स्किल्स भविष्य के हर सेक्टर में नए अवसर खोलेंगी।
इस नए हॉस्टल के निर्माण से एनएसटीआई (महिला), पानीपत अब हाई-डिमांड ट्रेड्स में प्रवेश बढ़ाने और इंडस्ट्री पार्टनरशिप को मजबूत करने की बेहतर स्थिति में है। इससे महिलाओं के लिए रोज़गार और उद्यमिता के नए रास्ते खुलेंगे।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGT) के आईएसडीएस, डिप्टी डायरेक्टर जनरल सुनील कुमार गुप्ता, आरडीएसडीई हरियाणा के रीजनल डायरेक्टर सुशील कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ अधिकारी, फैकल्टी सदस्य, ट्रेनी और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।
एनएसटीआई (महिला) पानीपत पिछले कुछ वर्षों में महिला स्किलिंग का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। यहां फैशन डिजाइन टेक्नोलॉजी, कॉस्मेटोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर एप्लीकेशन और स्टेनोग्राफी जैसे हाई-डिमांड क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाता है। संस्थान पीएम विश्वकर्मा और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसी राष्ट्रीय पहलों के तहत भी विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम चला रहा है।
Akhil Mahajan