मसूरी में हरियाणा के टूरिस्टों का बवाल, विरोध करने वालों पर क्रेट से हमला
मसूरी में गुरुग्राम से आए टूरिस्टों और स्थानीय लोगों के बीच कार टकराने के बाद मारपीट हो गई। दूध की खाली क्रेट से हमला करने में एक व्यक्ति और महिला घायल हुए, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
- मसूरी में गुरुग्राम से आए टूरिस्टों और स्थानीय लोगों के बीच कार टकराने के बाद विवाद हुआ
- विवाद बढ़ने पर एक टूरिस्ट ने दूध की खाली क्रेट से हमला किया, व्यक्ति और महिला घायल हुए
- पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार का चालान किया, घटना का वीडियो भी सामने आया
उत्तराखंड के पर्यटन स्थल मसूरी में हरियाणा के गुरुग्राम से आए टूरिस्टों और स्थानीय लोगों के बीच सड़क पर जमकर हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि टूरिस्टों की कार की स्थानीय लोगों की कार से टक्कर हो गई। मामूली दुर्घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध करने पर एक टूरिस्ट ने पास की दुकान के बाहर रखी दूध की खाली क्रेट उठाकर एक स्थानीय व्यक्ति के सिर पर हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर में चोट आई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला पर भी आरोपी ने क्रेट से वार कर दिया। सिर पर चोट लगने से महिला सड़क पर ही गिर गई। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
काफी देर तक सड़क पर हंगामा चलता रहा। बाद में स्थानीय लोगों ने आरोपी टूरिस्ट को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने साथ थाने ले गई।
पुलिस ने आरोपी की कार का चालान भी किया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
pooja