झज्जर में 8 साल के बच्चे का अपहरण, पैरा जूडो खिलाड़ी समेत 2 गिरफ्तार ₹5 करोड़ फिरौती के लिए किडनैपिंग, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकला मास्टरमाइंड

झज्जर के बहादुरगढ़ में 8 साल के बच्चे के अपहरण मामले में STF ने अंतरराष्ट्रीय पैरा जूडो खिलाड़ी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने बच्चे को छोड़ने के बदले 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।

झज्जर में 8 साल के बच्चे का अपहरण, पैरा जूडो खिलाड़ी समेत 2 गिरफ्तार  ₹5 करोड़ फिरौती के लिए किडनैपिंग, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकला मास्टरमाइंड

झज्जर में 8 साल के बच्चे के अपहरण केस में बड़ा खुलासा
अंतरराष्ट्रीय पैरा जूडो खिलाड़ी समेत 2 आरोपी गिरफ्तार
बच्चे को छोड़ने के बदले मांगी थी ₹5 करोड़ की फिरौती


हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ क्षेत्र में होली के दिन हुए 8 वर्षीय बच्चे के अपहरण मामले में एसटीएफ ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि इस वारदात को एक अंतरराष्ट्रीय पैरा जूडो खिलाड़ी ने अपने रिश्तेदार और साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

एसटीएफ के अनुसार, 4 मार्च को होली खेलते समय बरानी गांव से 8 वर्षीय हुनरजीत का अपहरण किया गया था। आरोपियों ने बच्चे को जबरन एक स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। अपहरण के बाद परिवार से बच्चे को सुरक्षित छोड़ने के बदले ₹5 करोड़ की फिरौती मांगी गई थी।

एसटीएफ के एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनू और मनीष के रूप में हुई है। मनीष बरानी गांव का रहने वाला है और वह बच्चे के पिता के पास गौशाला में काम करता था। इसी दौरान उसने परिवार और बच्चे की पूरी जानकारी जुटाई थी।

20 दिन पहले रची गई थी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि मनीष और उसके जीजा मोनू ने करीब 20 दिन पहले ही अपहरण की साजिश तैयार कर ली थी। दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर बच्चे को निशाना बनाया। अपहरण के बाद आरोपियों ने फिरौती की रकम मिलने पर बच्चे को रोहतक क्षेत्र में छोड़ दिया

दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए मोनू और मनीष को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए झज्जर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं पुलिस की टीमें फरार दो आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

खिलाड़ी से अपराधी बनने की कहानी

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मोनू एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का पैरा जूडो खिलाड़ी रह चुका है। उसने नेशनल पैरा जूडो गेम्स के अलावा विदेशों में आयोजित कई प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया और पदक जीते थे। वह वर्ल्ड पैरा जूडो गेम्स, पैरा कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुका है।

पुलिस के मुताबिक, जल्दी अमीर बनने की चाहत में उसने खेल की दुनिया छोड़ अपराध का रास्ता चुन लिया। अब पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूरे मामले और फरार साथियों के बारे में पूछताछ करेगी।