कानूनगो सात हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
रोहतक एसीबी टीम ने झज्जर के बादली में तैनात कानूनगो रामबीर को 7 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी जमीन तकसीम के बदले 10 हजार रुपए की मांग कर रहा था।
➤ झज्जर में 7 हजार रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार
➤ जमीन तकसीम के बदले मांगे थे 10 हजार रुपए
➤ रोहतक एसीबी टीम ने रंगे हाथों दबोचा आरोपी
हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में रोहतक एसीबी की टीम ने झज्जर जिले के बादली ब्लॉक में तैनात एक कानूनगो को 7 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रामबीर के रूप में हुई है, जो जमीन तकसीम के मामले में रिश्वत मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम गांव दादरी तोए, तहसील बादली जिला झज्जर में करीब 20 कनाल 5 मरले जमीन है। इस जमीन की तकसीम का मामला नायब तहसीलदार बादली की कोर्ट में विचाराधीन था। आरोप है कि कानूनगो रामबीर को तकसीम का नक्शा तैयार कर नायब तहसीलदार कार्यालय में जमा करवाना था, लेकिन उसने जानबूझकर गलत नक्शा जमा कर दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार सही नक्शा तैयार कर जमा करवाने के बदले आरोपी ने 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। आरोपी पहले ही 3 हजार रुपए ले चुका था और बाकी 7 हजार रुपए की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने रोहतक एसीबी से संपर्क किया।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी कानूनगो को 7 हजार रुपए दिए, उसी दौरान एसीबी की टीम ने मौके पर छापा मारकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को एसीबी थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Akhil Mahajan