झज्जर में चलती कार में लगी भीषण आग, दो युवक बाल-बाल बचे

झज्जर में NH-352D पर चलती कार में अचानक आग लग गई। पानीपत से आए दो युवक समय रहते बाहर निकल गए। शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है।

झज्जर में चलती कार में लगी भीषण आग, दो युवक बाल-बाल बचे

झज्जर में चलती कार में अचानक लगी भीषण आग

दो युवकों ने कूदकर बचाई जान, कार जलकर राख

पानीपत से मार्बल खरीदने आ रहे थे युवक, शॉर्ट सर्किट की आशंका

हरियाणा के झज्जर जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। NH-352D पर चलती कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा।

गनीमत रही कि कार में सवार दोनों युवक समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।

हादसा झज्जर-सांपला रोड पर गांव रामपुरा के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चलते वाहन से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ। इसके बाद अचानक कार में आग की तेज लपटें उठने लगीं।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

जानकारी के अनुसार पानीपत जिले के शाहपुर निवासी संदीप अपने दोस्त के साथ झज्जर में मार्बल पत्थर खरीदने आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार रामपुरा गांव के पास पहुंची तो वाहन से धुआं निकलने लगा।

दोनों युवकों ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और नीचे उतरकर जांच करने लगे। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जल गई।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि पुलिस और तकनीकी टीम मामले की जांच कर रही है।

सूचना मिलने के बाद दुजाना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। राहगीरों ने दूर खड़े होकर जलती कार का वीडियो भी बनाया।