दारू के नशे में घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने वाला ASI सस्‍पेंड

जींद में महिला से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस चौकी प्रभारी ASI यशवीर निलंबित। घर में घुसने, धमकी देने और अश्लील हरकत को लेकर महिला थाना में FIR दर्ज।

दारू के नशे में घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने वाला ASI सस्‍पेंड

➤घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ का आरोप
➤पुलिस चौकी प्रभारी ASI यशवीर निलंबित
➤महिला थाना में विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज



हरियाणा के जींद जिले में पुलिस विभाग की छवि को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जींद सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला से अश्लील हरकत और छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस चौकी प्रभारी ASI यशवीर को निलंबित कर दिया गया है। मामले में जींद महिला थाना में आरोपी ASI के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

रामराय गांव निवासी पीड़ित महिला ने दो दिन पहले जींद एसपी कुलदीप सिंह से मिलकर शिकायत दी थी। शिकायत मिलते ही एसपी ने ASI यशवीर को पहले लाइन हाजिर किया और मामले की जांच के आदेश दिए थे। जांच के बाद आरोपों की गंभीरता को देखते हुए ASI को सस्पेंड कर दिया गया।

महिला ने शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे ASI यशवीर उसके घर पहुंचा और दरवाजे को लात मारकर अंदर घुस आया। उस समय घर में महिला की मां, बहन और बेटा मौजूद थे। महिला का आरोप है कि ASI ने उसका हाथ पकड़कर दूसरे कमरे में खींचने की कोशिश की। विरोध करने पर उसे धमकाया गया, जिससे परिवार के सभी सदस्य भयभीत हो गए।

पीड़िता ने बताया कि जब उसकी बहन ने विरोध किया तो ASI ने उसके साथ भी गाली-गलौज की। इसके बाद परिवार ने डायल 112 पर कॉल किया, सूचना मिलते ही ASI सरकारी गाड़ी से मौके से फरार हो गया। महिला का आरोप है कि वह घर में अकेला आया था, जबकि उसके तीन साथी बाहर गाड़ी में बैठे थे

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अगले दिन सुबह 8:12 बजे ASI यशवीर ने उसे फोन कर शिकायत न करने की धमकी दी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले में कानूनी कार्रवाई के साथ विभागीय जांच भी की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।