दोस्त के घर मृत मिला तीन बहनों का इकलौता भाई विनोद, पिता पहले ही गुजर चुके, हत्या की जताई आशंका
जींद के जुलाना में 20 वर्षीय युवक विनोद की संदिग्ध मौत हो गई। शव दोस्त के घर मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
- जींद के जुलाना में युवक की संदिग्ध मौत
- दोस्त के घर मिला शव, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
- तीन बहनों का इकलौता भाई था मृतक, पिता पहले ही गुजर चुके
हरियाणा के जींद जिले के जुलाना उपमंडल के हथवाला गांव में 20 वर्षीय युवक विनोद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके दोस्त के घर से बरामद हुआ है। मृतक की बहन ज्योति ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार विनोद तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। मां गृहिणी हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति भी विनोद पर निर्भर थी।
ज्योति ने बताया कि 26 दिसंबर की रात विनोद के पास उसके दोस्त का फोन आया था। फोन करने वाले दोस्त ने उसे गांव झमोला में किसी की मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए बुलाया था। इसके बाद विनोद घर से निकल गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
27 दिसंबर को विनोद की तलाश करते हुए उसकी बहनें साहिल उर्फ इल्लू के घर पहुंचीं। वहां साहिल और उसकी पत्नी से विनोद के बारे में पूछा गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद साहिल के मकान में बने एक कमरे में विनोद को बेड पर बेसुध हालत में पड़ा पाया गया। पास जाकर देखने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि साहिल उर्फ इल्लू और उसकी पत्नी ने साजिश के तहत विनोद के साथ मारपीट कर उसकी हत्या की है। परिजनों का कहना है कि यदि वे समय रहते मौके पर नहीं पहुंचते तो आरोपी शव को ठिकाने लगा सकते थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जींद के सामान्य अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan