जींद में खाटू श्याम जा रहे श्रद्धालुओं की कार को ट्रक ने मारी टक्कर
जींद के जुलाना में खाटू श्याम मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं।
जींद में खाटू श्याम जा रहे श्रद्धालुओं की कार को ट्रक ने मारी टक्कर
महिला समेत 3 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत, 2 महिलाएं गंभीर घायल
कुत्ते को बचाने के दौरान कार रुकी, पीछे से आए ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
हरियाणा के जींद जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा जुलाना क्षेत्र के लजवाना कलां गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-152डी पर हुआ। सभी श्रद्धालु करनाल से राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार करनाल के सेक्टर-8 पार्ट-2 निवासी धर्मपाल वासन अपनी पत्नी, साली और सेक्टर-13 निवासी अपने समधी राजकुमार के परिवार के साथ कार से खाटू श्याम मंदिर के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में लजवाना कलां गांव के पास अचानक कार के सामने एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
कार रुकने के बाद सभी श्रद्धालु वाहन से उतरकर नुकसान का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में 45 वर्षीय धर्मपाल, उनके 50 वर्षीय समधी राजकुमार और 40 वर्षीय स्वीटी की मौके पर ही मौत हो गई। स्वीटी, धर्मपाल की साली थीं।
हादसे में 40 वर्षीय नीतू और 42 वर्षीय रीतू गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल जुलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर अन्य परिजन भी जींद पहुंच गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जुलाना थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने की मांग उठाई है।
pooja