रंग फैक्ट्री में भीषण आग, 4 महिला मजदूरों की दर्दनाक मौत; गेट पर बाहर से ताला होने से नहीं बच सके कई मजदूर

हरियाणा के जींद जिले के सफीदों में होली के रंग बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 4 महिला मजदूरों की मौत हो गई और 20 से अधिक मजदूर झुलस गए। मजदूरों का आरोप है कि हादसे के समय फैक्ट्री के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा था।

रंग फैक्ट्री में भीषण आग, 4 महिला मजदूरों की दर्दनाक मौत; गेट पर बाहर से ताला होने से नहीं बच सके कई मजदूर

जींद के सफीदों में रंग बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग, 4 महिलाओं की मौत
फैक्ट्री में काम कर रहे 20 से ज्यादा मजदूर झुलसे, कई की हालत गंभीर
मजदूरों का आरोप—मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा था, इसलिए नहीं निकल पाए


हरियाणा के जींद जिले के सफीदों में शनिवार को होली के गुलाल और रंग बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से चार महिला मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि फैक्ट्री में काम कर रहे 20 से अधिक मजदूर बुरी तरह झुलस गए। घायलों को तुरंत सफीदों के नागरिक अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। मजदूरों का आरोप है कि हादसे के समय फैक्ट्री के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था, जिसके कारण वे समय पर बाहर नहीं निकल सके।

.फैक्ट्री में आग से झुलसे कई महिला मजदूरों की हालत गंभीर है।

कुछ ही मिनटों में आग ने लिया विकराल रूप

जानकारी के अनुसार सफीदों की भाट कॉलोनी में स्थित इस रंग फैक्ट्री में शनिवार को भी रोज की तरह करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक फैक्ट्री में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में आग पूरे परिसर में फैल गई। देखते ही देखते चारों ओर धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। अंदर मौजूद मजदूरों में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

गेट पर ताला होने से अंदर फंस गए मजदूर

घटना के दौरान मजदूरों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन उनका कहना है कि फैक्ट्री के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। इसी वजह से कई मजदूर अंदर ही फंस गए और आग की चपेट में आ गए। बाहर से उठते धुएं और शोर को सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

फैक्ट्री में आग के बाद अस्पताल में लगी भीड़।

ग्रामीणों ने तोड़ा दरवाजा, तब निकाले मजदूर

मौके पर मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने हालात की गंभीरता को देखते हुए काफी मशक्कत के बाद फैक्ट्री का दरवाजा तोड़ा। इसके बाद अंदर फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक चार महिला मजदूरों की झुलसने से मौत हो चुकी थी और कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए सफीदों के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ ही देर में अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पानीपत के अस्पताल में रेफर किया गया है।

कई मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

अस्पताल में भर्ती घायलों में सफीदों निवासी रानी (45), आदर्श कॉलोनी निवासी जगबीर (40), करनाल के निसंग निवासी पवन कुमार (30) शामिल हैं। इसके अलावा शिव कॉलोनी निवासी कश्मीरी (39), गीता कॉलोनी निवासी कमलेश (54) और सफीदों निवासी बिमला (60) को भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।