हरियाणा में डेढ़ करोड़ की चोरी, 65 तोले सोना,10 किलो चांदी और 24 लाख कैश ले उड़े चोर
कैथल के चीका में चोरों ने बंद मकान से 60-65 तोले सोना, 10 किलो चांदी और 24 लाख रुपए नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैथल के चीका में चोरों ने मकान से 60-65 तोले सोना, 10 किलो चांदी और 24 लाख रुपए नकदी चोरी की
मकान मालिक मेडिकल जांच के लिए पंचकूला गया हुआ था, पड़ोसियों ने दी चोरी की सूचना
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की
कैथल जिले के चीका शहर में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपए के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई जब मकान मालिक अपने बेटे के पास पंचकूला गया हुआ था। चोरी की जानकारी पड़ोसियों द्वारा फोन पर दी गई, जिसके बाद वह तुरंत वापस घर पहुंचा।
वार्ड नंबर-8 आर-3 निवासी जय भगवान उर्फ ज्ञान गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 8 जून को अपने बेटे के पास पंचकूला गया था। उसे मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में मेडिकल चेकअप के लिए जाना था। रात को वह बेटे के पास ही रुका हुआ था।
अगले दिन पड़ोसी नीटू शाह का फोन आया। उन्होंने बताया कि घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए हैं और कुछ गड़बड़ी नजर आ रही है। सूचना मिलते ही जय भगवान तुरंत चीका के लिए रवाना हो गया।
घर पहुंचकर देखा तो मुख्य दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियां खुली हुई थीं और कमरों का सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर पता चला कि चोर घर से 24 लाख रुपए नकद, 60 से 65 तोले सोना और करीब 10 किलो चांदी चोरी कर ले गए हैं।
शिकायत के अनुसार आरोपी मकान की दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने पूरे घर को खंगालते हुए नकदी और कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।
मामले में चीका थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी तरसेम सिंह ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
pooja