हिमाचल : कुल्लू में जेई की संदिग्ध मौ*त, ह*त्या का केस दर्ज
कुल्लू में जलशक्ति विभाग के जेई लाभ सिंह गुलेरिया की संदिग्ध मौत के बाद पत्नी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
- कुल्लू में जलशक्ति विभाग के जेई लाभ सिंह गुलेरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
- पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की
- सीसीटीवी, कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच जारी
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में जलशक्ति विभाग में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता (जेई) लाभ सिंह गुलेरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान खौला निवासी लाभ सिंह गुलेरिया के रूप में हुई है। उनकी पत्नी कांता देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को लाभ सिंह रोजाना की तरह ड्यूटी पर गए थे। देर रात करीब 11 बजे उन्होंने फोन कर बताया कि पिरड़ी पुल के पास कोई दुर्घटना हुई है और वह जल्द घर लौट रहे हैं। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और उनसे संपर्क नहीं हो सका।
कार्यालय के पास घायल अवस्था में मिले
जब लाभ सिंह रातभर घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांधीनगर स्थित रोटरी आई अस्पताल के पास उनकी स्कूटी सुरक्षित खड़ी मिली। इसके बाद कार्यालय से करीब 50 मीटर दूर एक सब्जी के खोखे के पास वह अचेत अवस्था में पड़े मिले।
परिजन उन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि कार्यालय से घर लौटते समय अज्ञात लोगों ने लाभ सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हुई। परिवार ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
pooja