कैथल में पानी निकासी को लेकर खूनी झगड़ा, लाठी-गंडासी से 6 घायल
कैथल के टयोंठा गांव में पानी निकासी को लेकर दो पक्षों में लाठी-गंडासी चली। महिला-बच्ची समेत 6 लोग घायल हुए, पुलिस ने 12 लोगों पर केस दर्ज किया।
कैथल के टयोंठा गांव में पानी निकासी को लेकर खूनी संघर्ष
दोनों पक्षों में लाठी-गंडासी चली, महिला-बच्ची समेत 6 घायल
पुलिस ने 6 महिलाओं सहित 12 लोगों पर केस दर्ज किया
कैथल के पूंडरी क्षेत्र के गांव टयोंठा में पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठियों और गंडासी से हमला कर दिया। इस झगड़े में महिला और बच्ची समेत कुल 6 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में 6 महिलाओं के नाम भी शामिल हैं।
पहले पक्ष की ओर से कृष्णा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने घर का फर्श धो रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले प्रदीप, कृष्ण, सुमन, सीमा, शिवांशु, मयंक और संतोष वहां पहुंचे और गंदे पानी को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि कहासुनी के बाद आरोपी लाठी और गंडासी लेकर आए और उनके परिवार पर हमला कर दिया। हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से कृष्ण कुमार ने शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि पड़ोस के श्रवण कुमार, शिवम, मामो देवी, कृष्णा और अन्य लोगों ने उन पर लाठियों और गंडासी से हमला किया। इस हमले में उनके परिवार के सदस्यों को गंभीर चोटें आईं। बाद में गांव के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
दोनों पक्षों के घायल सदस्य इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
पूंडरी थाना के एसएचओ शिवकुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
pooja