159 साल पुरानी ऐतिहासिक कालका–हावड़ा नेताजी एक्सप्रेस से हटेगा सुपरफास्ट का दर्जा, कम होगा किराया
159 वर्ष पुरानी कालका–हावड़ा नेताजी एक्सप्रेस से रेलवे ने सुपरफास्ट का दर्जा हटाने का फैसला लिया है। अप्रैल से ट्रेन एक्सप्रेस श्रेणी में चलेगी और किराया सस्ता होगा।
➤ 13–15 अप्रैल से नेताजी एक्सप्रेस समेत 5 जोड़ी ट्रेनें एक्सप्रेस श्रेणी में चलेंगी
➤ सुपरफास्ट चार्ज हटने से यात्रियों का किराया 30 से 70 रुपए तक होगा सस्ता
➤ ट्रेन नंबर बदलेंगे, 12311/12 अब 13051/52 बनेंगे
भारतीय रेलवे ने 159 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक कालका–हावड़ा नेताजी एक्सप्रेस से सुपरफास्ट का दर्जा हटाने का फैसला लिया है। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर नेताजी एक्सप्रेस सहित कुल पांच जोड़ी ट्रेनों को सुपरफास्ट की श्रेणी से हटाकर अब एक्सप्रेस (मेल-एक्सप्रेस) के रूप में चलाया जाएगा। इस फैसले के बाद न केवल ट्रेनों के नंबर बदलेंगे, बल्कि यात्रियों को किराए में भी राहत मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हावड़ा से 13 अप्रैल और कालका से 15 अप्रैल 2026 से यह ट्रेन सुपरफास्ट नहीं बल्कि सामान्य एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी। सुपरफास्ट का दर्जा हटते ही रेलवे द्वारा वसूला जाने वाला अतिरिक्त शुल्क समाप्त हो जाएगा। जनरल, स्लीपर और एसी श्रेणी के यात्रियों को अब 30 से 70 रुपये तक का सुपरफास्ट चार्ज नहीं देना पड़ेगा।
नेताजी एक्सप्रेस के साथ-साथ उपासना एक्सप्रेस, कुंभ एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस और विभूति एक्सप्रेस के भी नंबर बदले जाएंगे। उदाहरण के तौर पर, अभी 12311/12312 नंबर से चल रही नेताजी एक्सप्रेस अब 13051/13052 नंबर से संचालित होगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन ट्रेनों की औसत गति और समयबद्धता सुपरफास्ट मानकों के अनुरूप नहीं रह गई थी, इसलिए प्रशासनिक समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया। हालांकि ट्रेन की समय-सारिणी और ठहराव में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है।
1866 से जुड़ा है नेताजी एक्सप्रेस का गौरवशाली इतिहास
नेताजी एक्सप्रेस भारतीय रेलवे की सबसे पुरानी ट्रेनों में से एक है। इसकी शुरुआत वर्ष 1866 में भाप इंजन के साथ हुई थी। पहले यह ट्रेन कोलकाता से दिल्ली के बीच चला करती थी, जिसे 1891 में कालका तक विस्तारित किया गया।
इतिहास में इसका विशेष स्थान इसलिए भी है क्योंकि 17 जनवरी 1941 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इसी ट्रेन से गोमो स्टेशन से सवार होकर ब्रिटिश शासन से बचते हुए पेशावर की ओर रवाना हुए थे। नेताजी की 125वीं जयंती पर 23 जनवरी 2021 को इस ट्रेन का नाम बदलकर नेताजी एक्सप्रेस रखा गया था।
बदले गए ट्रेन नंबर (मुख्य सूची)
| ट्रेन | पुराना नंबर | नया नंबर |
|---|---|---|
| हावड़ा–कालका नेताजी एक्सप्रेस | 12311 | 13051 |
| कालका–हावड़ा नेताजी एक्सप्रेस | 12312 | 13052 |
| हावड़ा–देहरादून उपासना एक्सप्रेस | 12327 | 13035 |
| देहरादून–हावड़ा उपासना एक्सप्रेस | 12328 | 13036 |
| हावड़ा–जम्मू तवी हिमगिरी एक्सप्रेस | 12331 | 13041 |
| जम्मू तवी–हावड़ा हिमगिरी एक्सप्रेस | 12332 | 13042 |
| हावड़ा–प्रयागराज रामबाग विभूति एक्सप्रेस | 12333 | 13047 |
| प्रयागराज रामबाग–हावड़ा विभूति एक्सप्रेस | 12334 | 13048 |
रेलवे का पक्ष
अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार के अनुसार,
“नेताजी एक्सप्रेस का संचालन आधुनिक एलएचबी कोचों के साथ किया जा रहा है। अप्रैल से सुपरफास्ट का दर्जा हटने पर यात्रियों को किराए में राहत मिलेगी और ट्रेन नंबरों में भी बदलाव किया जाएगा।”
Akhil Mahajan