छठ पूजा के दौरान नहर में डूबा व्यक्ति, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

करनाल में छठ पूजा के दौरान बिहार निवासी संतोष यादव पश्चिमी यमुना नहर में नहाते समय तेज बहाव में बह गए। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।

छठ पूजा के दौरान नहर में डूबा व्यक्ति, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

करनाल में छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा
सदराबाद क्षेत्र का किरायेदार संतोष यादव नहर में बहा
गोताखोरों की टीम लगातार सर्च अभियान में जुटी



हरियाणा के करनाल से छठपूजा के दौरान एक व्‍यक्ति की डूबकर मौत हो गई है। 40 साल का संतोष यादव छठ पूजा के लिए  पश्चिमी यमुना नहर में पहुंचा था। अचानक पैर फ‍िसला और वह नहर के तेज बहाव में बह गया। गोताखोरों की टीम शव को तलाश कर रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। 

छठ पूजा के दिन एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। शहर के पश्चिमी यमुना नहर पर चल रही छठ पूजा की तैयारियों के बीच खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया। बताया जा रहा है कि मूल रूप से बिहार का रहने वाला और इस समय सदर बाजार करनाल के किराये के मकान में रह रहा 35 से 40 वर्ष का संतोष यादव अपने परिवार के साथ छठ पूजा का त्योहार मनाने के लिए पश्चिमी यमुना नहर पर पहुंचा था। सुबह के समय जब श्रद्धालु नहर में स्नान कर रहे थे, उसी दौरान संतोष भी नहाने के लिए नहर में उतरा, लेकिन तेज बहाव के कारण वह वापस बाहर नहीं आ सका और देखते ही देखते नहर के तेज जल प्रवाह में बह गया।

घटना के तुरंत बाद परिवार के लोगों और आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने नहर में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन संतोष यादव का कोई सुराग नहीं मिला। इस पर लोगों ने पुलिस और गोताखोरों की टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुँचा और नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों की टीम लगातार कई घंटों से सर्च अभियान चला रही है, लेकिन अब तक संतोष का कोई पता नहीं चल सका है।

घटनास्थल पर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिनके चेहरे पर पूजा की खुशी थी, वहां अब सिर्फ दुख और निराशा दिखाई दे रही है। पश्चिमी यमुना नहर पर चल रही छठ की रौनक इस हादसे के बाद फीकी पड़ गई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नहर में इन दिनों पानी का बहाव तेज है और सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि छठ जैसे बड़े धार्मिक पर्व पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

वहीं पुलिस ने बताया कि गोताखोरों की टीम लगातार नहर में तलाशी ले रही है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द संतोष यादव का पता लगाया जा सके। फिलहाल पूरे इलाके में इस हादसे से शोक की लहर है।