Video: ITI के बाहर छात्राओं में चले लात घूंसे, सरेआम लड़ाई, बेल्ट से हमला, तीनो सस्‍पेंड

ITI के बाहर छात्राओं की सरेआम मारपीट के तीन वीडियो वायरल। बेल्ट से हमला, एक छात्रा बेहोश। ITI प्रबंधन ने तीन छात्राओं को सस्पेंड कर जांच शुरू की।

Video: ITI के बाहर छात्राओं में चले लात घूंसे,  सरेआम लड़ाई, बेल्ट से हमला, तीनो सस्‍पेंड
  • करनाल ITI के बाहर छात्राओं में सरेआम मारपीट, तीन वीडियो वायरल
  • बाल पकड़कर लात-घूंसे और बेल्ट से हमला, एक छात्रा बेहोश
  • ITI प्रबंधन ने तीन छात्राओं को किया सस्पेंड, जांच जारी


हरियाणा के करनाल में आईटीआई के बाहर छात्राओं के बीच सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें छात्राएं एक-दूसरे को सड़क पर गिराकर लात-घूंसे मारती, बाल पकड़कर घसीटती और बेल्ट से हमला करती नजर आ रही हैं।

झगड़ा कर रहीं छात्राओं को वहां खड़े कुछ युवकों ने छुड़ाने की कोशिश की।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि आसपास खड़े कुछ लोग हंसते हुए तमाशा देख रहे हैं, जबकि कुछ युवक बीच-बचाव की कोशिश कर रहे हैं। मारपीट के दौरान एक छात्रा बेहोश भी हो गई, जिसे बाद में अन्य छात्राओं और युवकों ने संभाला।

वीडियो सामने आने के बाद ITI प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन छात्राओं को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उनके पेरेंट्स को संस्थान बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना 13 जनवरी की है और झगड़ा ITI के बाहर हुआ था। फिलहाल छात्राओं के बीच विवाद का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

पहले वीडियो में करीब छह छात्राएं आपस में लड़ती दिख रही हैं, जहां दो छात्राएं सड़क पर ही एक-दूसरे पर हाथ छोड़ती नजर आती हैं। दूसरे वीडियो में एक छात्रा बाल पकड़कर दूसरी को रोके हुए है, तभी तीसरी छात्रा बेल्ट से हमला करती है। तीसरे वीडियो में झगड़े के बाद एक छात्रा बेहोश होती दिखती है, जिसे आसपास मौजूद लोग संभालते हैं।

ITI के प्रिंसिपल राकेश भाटिया ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद छात्राओं की पहचान की गई। पूछताछ में भी लड़ाई की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। एक छात्रा ड्राफ्ट्समैन ट्रेड, जबकि दो छात्राएं कंप्यूटर ट्रेड से जुड़ी हैं। तीनों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।