जमानत पर आए युवक का मर्डर, पॉइंट ब्लैंक से सिर-छाती में मारी गोली

करनाल में जमानत पर आए युवक की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से जांच कर रही है।

जमानत पर आए युवक का मर्डर, पॉइंट ब्लैंक से सिर-छाती में मारी गोली

करनाल में जमानत पर आए युवक की गोली मारकर हत्या
पॉइंट ब्लैंक से सिर-छाती में मारी गई गोलियां, 4 राउंड फायरिंग
पुरानी रंजिश की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच


 हरियाणा के करनाल जिले में देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने युवक पर पॉइंट ब्लैंक रेंज से फायरिंग की और सिर व छाती में गोलियां मार दीं।

मृतक की पहचान सूरज (26) निवासी गांव गोंदर के रूप में हुई है। वारदात के वक्त सूरज गांव की सरपंच गली में खड़ा था। इसी दौरान तीन बदमाश बाइक पर आए और अचानक उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चार राउंड फायरिंग की, जिनमें से तीन गोलियां सूरज को लगीं—सिर, छाती और बगल में। एक गोली पास से गुजर गई। गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण मौके पर जुट गए।

परिजन घायल सूरज को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उसकी मौत मौके पर ही हो चुकी थी। घटना के बाद परिजन शव को घर ले गए और पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस वारदात की सूचना मिलते ही करनाल एसपी नरेंद्र बिजारणिया पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक सूरज करीब एक साल पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। वह वर्ष 2019 में हुए एक मर्डर केस में आरोपी था। पुलिस अब इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों में से एक ने चेहरा ढका हुआ था, जबकि दो बदमाश बिना नकाब के थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।