करनाल में दर्दनाक हादसा, स्कॉर्पियो पलटने से ट्रांसपोर्टर की मौत
करनाल में समौरा-रंभा रोड पर स्कॉर्पियो पलटने से 25 वर्षीय ट्रांसपोर्टर ऋतिक शर्मा की मौत हो गई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
■ करनाल में स्कॉर्पियो पलटने से ट्रांसपोर्टर की मौत
■ इंद्री से लौटते समय समौरा-रंभा रोड पर हुआ हादसा
■ 25 वर्षीय युवक ने मौके पर तोड़ा दम, जांच जारी
हरियाणा के करनाल जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय ट्रांसपोर्टर की मौत हो गई। मृतक की पहचान ऋतिक शर्मा के रूप में हुई है, जो करनाल की राजीव कॉलोनी का निवासी था। वह इंद्री से अपने घर लौट रहा था, तभी समौरा-रंभा रोड पर उसकी स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर पलट गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, ऋतिक शर्मा ट्रांसपोर्ट का काम करता था और रोजमर्रा की तरह अपने काम से लौट रहा था। जैसे ही वह समौरा-रंभा रोड पर पहुंचा, अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद स्कॉर्पियो कई बार पलटी खाती हुई सड़क किनारे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे को देखते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत कार में फंसे ऋतिक को बाहर निकाला। हालांकि तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर करनाल के अस्पताल के शवगृह में भिजवाया।
परिजनों के मुताबिक, हादसा रात करीब साढ़े 10 बजे हुआ, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी करीब साढ़े 12 बजे मिली। जब तक वे अस्पताल पहुंचे, डॉक्टरों ने ऋतिक को मृत घोषित कर दिया था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा वाहन के असंतुलित होने से हुआ या किसी अन्य वाहन की टक्कर के कारण।शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।ऋतिक शर्मा अपने परिवार का सहारा था। उसके परिवार में उसकी मां और एक छोटा भाई है। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और इलाके में शोक का माहौल है।
shubham