करनाल में सागा म्यूजिक ऑफिस पर 55 राउंड फायरिंग, बदमाश फरार
हरियाणा के करनाल में तीन बदमाशों ने सागा म्यूजिक कंपनी के ऑफिस पर 55 राउंड फायरिंग की। बदमाश दो बाइकों पर फरार हो गए। पुलिस CCTV खंगाल रही है और हर एंगल से जांच कर रही है।
-
करनाल में सागा म्यूजिक कंपनी के ऑफिस पर फायरिंग, बदमाश फरार
-
करीब 55 राउंड गोलीबारी, दीवारों और शीशों पर निशान
-
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज और कंपनी मालिक से पूछताछ
हरियाणा के करनाल में बुधवार सुबह सनसनीखेज वारदात हुई। शहर के पॉश इलाके अल्फा सिटी में स्थित सागा म्यूजिक कंपनी के ऑफिस पर तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। फायरिंग के बाद आरोपी दो बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। गोलियों की आवाज से आसपास का इलाका दहल उठा।
घटना में करीब 55 राउंड फायरिंग की गई, जिससे ऑफिस की दीवारें और शीशे छलनी हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर SP गंगाराम पूनिया, DSP राजीव, सदर थाना प्रभारी तरसेम सिंह और फोरेंसिक टीम पहुंची। मौके से कई कारतूसों के खोल बरामद किए गए हैं।
सागा म्यूजिक कंपनी के मालिक सुमित सिंह का ऑफिस अल्फा सिटी, मकान नंबर 1244 में है। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वारदात के पीछे कोई धमकी, फिरौती या पुरानी रंजिश है या नहीं। पुलिस ने कंपनी मालिक से पूछताछ शुरू कर दी है कि क्या हाल ही में उन्हें किसी से धमकी या विवाद की सूचना मिली थी।
पुलिस के अनुसार, इस तरह की गोलीबारी संगठित गिरोहों या रैकेट से जुड़ी हो सकती है, लेकिन फिलहाल किसी विशेष नाम या गैंग का सुराग नहीं मिला है। जांच टीम ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
अल्फा सिटी एक हाई सिक्योरिटी जोन माना जाता है, जहां एंट्री और एग्जिट गेट पर सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहते हैं। इसके बावजूद बदमाशों का इतनी आसानी से आना और भाग जाना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। पुलिस अब गेट पर लगे कैमरों की फुटेज और गार्ड्स के बयान लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बदमाश कहां से आए और किस दिशा में भागे।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सभी बुलेट पॉइंट्स को सील कर सबूत एकत्र किए हैं। पुलिस ने आसपास के सभी थानों को अलर्ट किया है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
Author1