करनाल में बड़ा सड़क हादसा, टूरिस्ट बस-ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में 10 घायल
करनाल के तरावड़ी में NH-44 पर टूरिस्ट बस, ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में 10 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया।
- करनाल में टूरिस्ट बस, ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में 10 लोग घायल
- दिल्ली से मनाली जा रही वोल्वो बस ने पीछे से ट्रक को मारी टक्कर
- हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम, पुलिस ने क्रेन से हटवाए वाहन
करनाल जिले के तरावड़ी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर शुक्रवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से मनाली जा रही एक टूरिस्ट वोल्वो बस की ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ा और ट्रॉली रेलिंग व साइन बोर्ड से टकराने के बाद पलट गई। दुर्घटना में करीब 8 से 10 लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस ने हाइड्रा क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
पुलिस के अनुसार देर रात एक वोल्वो बस दिल्ली से मनाली की ओर जा रही थी। बस के आगे एक ट्रक और उसके आगे ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी। इसी दौरान बस ने ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे और सर्विस रोड के बीच पलट गई।
हादसे के समय बस में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक जोरदार झटका लगने से बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई यात्रियों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। बस में सवार करीब 6 से 7 यात्रियों को गंभीर चोटें लगीं, जबकि अन्य को मामूली चोटें आईं।
हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी काफी नुकसान पहुंचा। ट्रॉली में भरा हरा चारा सड़क पर फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। घटनास्थल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। हाइड्रा क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया और सड़क पर फैला सामान साफ कराया गया। इसके बाद यातायात को सुचारु रूप से चालू करवाया गया।
सभी घायलों को तरावड़ी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा, लेकिन प्रशासन की तत्परता से हालात जल्द सामान्य हो गए।
Akhil Mahajan