तिरंगे में लिपट कर लौटा आखरी बार घर, कैथल में राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार
कुलगाम में ऑपरेशन गुड्डर के दौरान आतंकियों से मुठभेड़ में लांस नायक नरेंद्र सिंधु शहीद हो गए। सेना और सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में दो आतंकी भी ढेर हुए। नरेंद्र की पार्थिव देह आज गांव रोहेड़ा लाई जाएगी।
➤ कुलगाम में आतंकियों से मुठभेड़ में लांस नायक नरेंद्र सिंधु शहीद, 2 आतंकी ढेर
➤ नरेंद्र सिंधु राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात, शादी की तैयारी चल रही थी, छोटा भाई अमेरिका में रहता है
➤ ऑपरेशन गुड्डर में आतंकियों की मौजूदगी पर सुरक्षा बलों ने सर्चिंग की, मारे गए आतंकी में शोपियां का आमिर अहमद डार शामिल
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को आतंकियों से हुई मुठभेड़ में कैथल के लांस नायक नरेंद्र सिंधु (28) शहीद हो गए। यह मुठभेड़ गुड्डर के जंगलों में सुबह हुई थी। सेना ने इस ऑपरेशन को ‘गुड्डर ऑपरेशन’ नाम दिया। मुठभेड़ में दो आतंकी भी ढेर हो गए, जिनमें से एक की पहचान शोपियां के रहने वाले आमिर अहमद डार के रूप में हुई। वह लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था और सितंबर 2023 से सक्रिय था। इसके अलावा इस दौरान दो जवान भी घायल हुए, जो शहीद हो गए।
लांस नायक नरेंद्र सिंधु राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे और नौ साल पहले सेना में भर्ती हुए थे। चार साल पहले उन्हें श्रीनगर पोस्टिंग दी गई थी। सोमवार को वह अन्य भारतीय सैनिकों के साथ घाटी में गश्त पर थे, तभी आतंकवादियों ने उन पर हमला कर दिया। सुरक्षा बलों ने मौके पर सर्चिंग शुरू की थी, जिसके बाद आतंकियों से मुठभेड़ हुई।
पूर्व सैनिक वेल्फेयर एसोसिएशन के प्रधान जगजीत सिंह फौजी ने बताया कि नरेंद्र के परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई है, जो अमेरिका में रहता है। उनके पिता दलबीर सिंह किसान हैं और माता रोशनी देवी गृहिणी। अभी तक नरेंद्र की शादी नहीं हुई थी, लेकिन परिवार के अनुसार शादी की तैयारी चल रही थी।
शहीद लांस नायक नरेंद्र सिंधु की पार्थिव देह आज (मंगलवार) उनके गांव रोहेड़ा लायी जाएगी। बाद में उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुरक्षा बलों ने साफ किया है कि इस घटना के बाद आतंकवादियों की गतिविधियों पर और भी कड़ी नजर रखी जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।