केस की जांच कर रहे हरियाणा पुलिस के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर की अचानक मौत
कुरुक्षेत्र में ड्यूटी के दौरान ASI कमलजीत की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बाबैन एरिया में केस के दौरान हुई घटना, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से कारण स्पष्ट होगा।
➤ कुरुक्षेत्र में ड्यूटी के दौरान ASI कमलजीत की अचानक मौत
➤ बाबैन एरिया में केस के सिलसिले में गए थे, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया
➤ LNJP अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पोस्टमॉर्टम से स्पष्ट होगी वजह
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में ड्यूटी के दौरान एक पुलिसकर्मी की मौत हो जाने से विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) कमलजीत की तबीयत अचानक बिगड़ने से जान चली गई। वह अपनी टीम के साथ एक केस के सिलसिले में बाबैन एरिया में गए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, कमलजीत (45) मूल रूप से यमुनानगर जिले के सरस्वती नगर (मुस्तफाबाद) के गांव गंदापुरा के रहने वाले थे। वे डायल-112 (ERV) पर तैनात थे और वर्ष 2003 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। करीब एक साल पहले ही उनकी पोस्टिंग कुरुक्षेत्र में हुई थी।
बताया जा रहा है कि 26 अप्रैल की शाम को उन्हें एक मामले के सिलसिले में बाबैन क्षेत्र में जाना पड़ा। वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे ही थे कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होते देख साथी पुलिसकर्मी तुरंत उन्हें नजदीकी प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan