स्कोडा कार से मिला हैंड ग्रेनेड, इलाके में मचा हड़कंप

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में स्कोडा कार से हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ है। STF ने आरोपी की निशानदेही पर कार्रवाई की। मौके पर बम निरोधक दस्ता पहुंचा।

स्कोडा कार से मिला हैंड ग्रेनेड, इलाके में मचा हड़कंप

कुरुक्षेत्र में स्कोडा कार से मिला हैंड ग्रेनेड

2 दिन पहले पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर बरामदगी

STF, पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने घेरा इलाका

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद इलाके में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक स्कोडा कार से हैंड ग्रेनेड मिलने की सूचना सामने आई। यह कार शाहाबाद-लाडवा रोड स्थित शुगर मिल के पास एक मोटर यार्ड में खड़ी थी।

शुगर मिल के पास मोटर यार्ड में खड़ी स्कोडा कार व मौके पर जांच करती पुलिस और बम निरोधक दस्ता।

सूचना मिलते ही STF अंबाला, स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी।

जानकारी के अनुसार STF ने दो दिन पहले तंगौर गांव निवासी सूर्यप्रताप को अवैध हथियार मामले में गिरफ्तार किया था। उसके पास से एक पिस्तौल बरामद हुई थी। पूछताछ और पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसके पास एक हैंड ग्रेनेड भी है।

आरोपी ने बताया कि उसने ग्रेनेड शाहाबाद-लाडवा रोड स्थित अपने मोटर यार्ड में खड़ी स्कोडा कार में छिपाकर रखा हुआ है। इसके बाद STF की टीम आरोपी को साथ लेकर मौके पर पहुंची।

कार की तलाशी के दौरान पुलिस को हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। ग्रेनेड मिलने के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। पुलिस ने आसपास का इलाका खाली कराया और लोगों को दूर रहने की हिदायत दी।

बम निरोधक दस्ता ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया में जुटा रहा। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि आरोपी के पास यह ग्रेनेड कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था।

पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। STF आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क व संभावित साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही हैं।