हरियाणा में CIA और बदमाशों की मुठभेड़, दो घायल, असलाह बरामद
कुरुक्षेत्र में CIA और बदमाशों के बीच एनकाउंटर हुआ। दोनों तरफ से फायरिंग में यूपी के रहने वाले दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने उनके पास से दो कट्टे और बाइक बरामद किए हैं।
कुरुक्षेत्र में CIA और बदमाशों में मुठभेड़
दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, अस्पताल में भर्ती
दोनों के पास से देसी कट्टे और बाइक बरामद
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रविवार रात पुलिस की CIA-1 टीम और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें काबू कर LNJP अस्पताल में भर्ती करवाया।
जानकारी के अनुसार घायल बदमाशों की पहचान मिथुन (28) निवासी हस्तिनापुर जिला मेरठ (यूपी) और रोहित (24) निवासी बागपत (यूपी) के रूप में हुई है। मुठभेड़ रात करीब 8:30 बजे कीर्ति नगर से बिशनगढ़ की तरफ जाने वाली सड़क पर हुई।
CIA-1 इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि शहर में बिना नंबर की ब्लैक बाइक पर दो संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। उनके पास भारी मात्रा में अवैध हथियार थे और वे किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे। जब पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने अचानक पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल से दो देसी कट्टे/पिस्टल (315 बोर) और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा उनकी बाइक को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किस गैंग से जुड़े हैं और किस वारदात को अंजाम देने आए थे।
Akhil Mahajan