हरियाणा में किसानों का शक्ति प्रदर्शन, US ट्रेड डील के खिलाफ बड़ा विरोध

कुरुक्षेत्र में किसान-मजदूर जन क्रांति रैली के दौरान भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसानों ने प्रदर्शन किया। भारी भीड़ के चलते ट्रैफिक डायवर्ट और सुरक्षा कड़ी की गई।

हरियाणा  में किसानों का शक्ति प्रदर्शन, US ट्रेड डील के खिलाफ बड़ा विरोध

कुरुक्षेत्र में किसान-मजदूर जन क्रांति रैली, US ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन
पंजाब-यूपी-राजस्थान से पहुंचे किसान, पिपली मंडी में भारी भीड़
चढूनी की चेतावनी- रोका तो अच्छे नहीं होंगे नतीजे, पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट किया


हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सोमवार को किसान-मजदूर जन क्रांति रैली के जरिए किसानों ने अपनी ताकत दिखाई। पिपली अनाज मंडी में आयोजित इस रैली में हरियाणा के अलावा पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से भी बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। किसान यूनियन ने इस प्रदर्शन को भारत-अमेरिका ट्रेड डील और हरियाणा के धान घोटाले के खिलाफ बड़ा आंदोलन बताया है।रैली को लेकर प्रशासन पहले से अलर्ट था। भारी भीड़ को देखते हुए इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।रैली से पहले भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने वीडियो जारी कर साफ चेतावनी दी कि पुलिस किसानों को रैली में आने से रोकने की कोशिश न करे। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे और इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी।चढूनी ने किसानों से भी अपील की कि वे पुलिस के साथ किसी भी तरह की बहस या टकराव से बचें, लेकिन किसी भी स्थिति में रैली में पहुंचना सुनिश्चित करें।काफी किसान पंजाब से कुरुक्षेत्र पहुंचे।

किसान नेता ने यह भी कहा कि अगर रास्ते बंद किए गए तो किसान खेतों के रास्ते पैदल चलकर भी रैली में पहुंचे। उन्होंने इस ट्रेड डील को किसानों के रोजगार, खेती और देश के लिए खतरा बताते हुए इसे रोकने की जरूरत पर जोर दिया।रैली को देखते हुए कुरुक्षेत्र पुलिस ने अनाज मंडी पिपली के आसपास कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मौके पर पुलिस की भारी तैनाती के साथ बेरिकेडिंग और वज्र वाहन लगाए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लाइन में अतिरिक्त बल को तैयार रखा गया है और रोडवेज बसों को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है।रैली को लेकर वीडियो जारी कर बोलते हुए किसान नेता गुरनाम चढूनी।

जिला पुलिस ने रैली के चलते ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एसपी नीतिश अग्रवाल के अनुसार, पिपली चौक पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं और लोगों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले रूट प्लान जरूर देखें।इस रैली को केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि आने वाले समय में बड़े किसान आंदोलन की शुरुआत के रूप में भी देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी ने यह संकेत दिया है कि यह मुद्दा आगे और तेज हो सकता है, जिसका असर प्रदेश और देश की राजनीति पर भी पड़ सकता है।